बरखेड़ा (पीलीभीत)। रास्ते को लेकर चल रहे पुराने विवाद में विक्रमपुर गांव में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। लाठी डंडे और बांका से एक दूसरे वार करने के साथ ही पथराव किया गया। इसमें दोनों पक्षों के 15 लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर क्रास रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को मेडिकल के लिए भेजा है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम विक्रमपुर निवासी अमीर बख्श और मोहम्मद साबिर के बीच पिछले काफी समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है, जोकि सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। तीन दिन पहले दोनों के बीच मारपीट हुई, जिसमें पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को शांतिभंग में चालान किया। इसके बाद रविवार को दोबारा दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। अमीर बख्श की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर दूसरे पक्ष ने विरोध जताया। इसके बाद गाली गलौज से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर मेें संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों ओर से जमा लोगों ने एक दूसरे पर लाठी, डंडे और बांका से हमला बोल दिया। पथराव भी किया गया, जिसमें मोहम्मद साबिर पक्ष से शबाना बेगम, जैनब, शाजदा बी, राजदा, शाबरा, शाहिर बानो, अब्दुल निशां और दूसरे पक्ष से अमीर बख्श, रफीकन, सायरा बानो, शहाना, हसीना बानो, सितारा बानो, जानेमदार समेत 15 लोग घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर बरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। एसएसआई वीके पटेल ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराया गया है। दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर क्रास रिपोर्ट दर्ज की गई है।