बीसलपुर (पीलीभीत)। नगर के एक विधि छात्र ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा कोतवाल पर अपने साथ कोतवाली स्थिति आवास में बंद कर जबरिया कुकर्म करने और शिकायत करने पर जेल भेजवाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
नगर का एक युवक विधि कक्षा में चतुर्थ वर्ष का छात्र है। इस छात्र ने बताया कि 24 सितंबर को उसका मोहल्ले के ही एक युवक से झगड़ा हो गया था, इसके बाद दोनों पक्षों ने पुलिस मेें एक दूसरे के विरुद्ध एनसीआर दर्ज कराई थी। 24 सितंबर की शाम को कोतवाली का सिपाही सुनील कुमार उसे घर से पकड़ कर हवालात में बंद कर दिया था। हवालात में उसका साथी शानू जायसवाल भी था। आरोप है कि रात में कोतवाल मनोज त्यागी ने तीन लोगों को हवालात में भेजकर उसे व उसके साथी शानू को अपने आवास पर बुलाया। कोतवाल ने शानू की मौजूदगी में ही उसके साथ कुकर्म किया और शिकायत करने पर सपरिवार झूठे मुकदमे में जेल भेजवाने की धमकी दी।
छात्र ने बताया कि इस मामले की लिखित शिकायत एसपी से की, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तभी मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। इस बाबत कोतवाल ने बताया कि 24 सितंबर को विधि छात्र और मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी सौरभ गुप्ता से मारपीट हो गई थी, जिसमें दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध कोतवाली में एनसीआर दर्ज कराई थी। कोतवाल ने बताया कि एनसीआर दर्ज कराने के बाद छात्र अपने घर चला गया था। उसके बाद न ही छात्र को घर से पकड़ा गया और न ही उसे हवालात में बंद किया गया था। छात्र ने 24 सितंबर की रात में अपने साथ कुकर्म का आरोप लगाया है, जबकि वह 24 सितंबर को रात आठ बजे एसपी के निर्देश पर माधौटांडा थाना क्षेत्र में लूट के आरोपियों को गिरफ्तार करने गए थे और रात ढाई बजे लौट कर आए थे। कोतवाल ने स्वयं पर लगाए गए आरोप को पूरी तरह निराधार बताया है।
कोतवाल ने बताया कि विधि के छात्र अपने साथ मारपीट करने वाले मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी सौरभ गुप्ता के विरुद्ध लूट के आरोप में झूठी रिपोर्ट दर्ज कराना चाहता था। ऐसा न करने पर उसने झूठा आरोप लगा दिया। कोतवाल ने बताया कि एसपी को पूरी बात बता दी गई है। इस बाबत पूछने पर सीओ प्रवीन मलिक ने बताया कि उन्हें अभी इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। पूरे सर्किल में मुहर्रम के जुलूस निकलने के बाद इस मामले की जानकारी की जाएगी।