पीलीभीत। स्कूल-कॉलेज खुलते छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर पुलिस अलर्ट हो गई। स्कूल खुलने के पहले ही दिर सोमवार को एसपी के निर्देश पर तीन घंटे आपरेशन लफंगा चलाया गया है। इस दौरान कई शोहदे पकड़े गए, जिन्हें थाने ले जाकर पूछताछ के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
एसपी देवरंजन वर्मा के निर्देश पर महिला थानाध्यक्ष ने पुलिस टीम के साथ कॉलेज और पार्क में छापा मारा। कोतवाल देशपाल सिंह ने आयुर्वेदिक कॉलेज रोड, मोरल्ला तखान आदि महिला कॉलेजों के आसपास खड़े युवकों से पूछताछ की। इसके बाद टनकपुर हाईवे स्थित नेहऊ पार्क में छापामारी की गई। यहां तीन लड़के व एक लड़की आपस में बातचीत कर रहे थे, जो पुलिस के पूछताछ करने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने लड़की को उसके घर भेज दिया और लड़कों को थाने ले जाकर पूछताछ की गई। जहां पूछताछ करने पर युवकों ने खुद को आईटीआई का छात्र बताया। उधर, कस्बा इंचार्ज कनकलता भार्गव ने टीम के साथ उपाधि कॉलेज, जीजीआईसी समेत कई कॉलेजों के आसपास बेवजह खड़े युवकों को खदेड़ दिया। सुबह दस से दोपहर एक बजे तक चलाए गए ऑपरेशन से शोहदे स्कूल कॉलेजों के पास नहीं भटक पाए। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि छेड़छाड़ की घटनाएं रोकने के लिए अभियान चलाया गया। इसमें पकड़े गए युवकों का नाम, पता दर्ज करने के बाद उन्हें परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया गया। दोबारा गलती करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
000
हेलमेट न लगाने पर चौकी इंचार्ज की बाइक का चालान
पीलीभीत। यातायात नियमों का पालन कराने के लिए एसपी देवरंजन वर्मा ने पिछले दिनों पुलिस महकमे से शुरूआत की। इसमें समस्त पुलिसकर्मियों को दुपहिया वाहन चलाते वक्त हेलमेट पहनने के निर्देश दिए थे, जिसका काफी असर दिखाई भी दिया। सोमवार सुबह एसपी के आदेश पर थानों व चौकियों पर पीआरओ की टीम भेजकर हेलमेट का प्रयोग न करने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई कराई गई। इनमें सिविल लाइन चौकी प्रभारी समेत दो लोगों का चालान किया गया।