मारुति सुजुकी कंपनी के शोरूम के चौकीदार सोते रह गए और चोर दरवाजा खोलकर भीतर घुस गए। काउंटर की दराज तोड़कर 3.37 लाख रुपये उड़ा लिए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। मामला भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता के बेटे शोभित गुप्ता का होने पर मामले में तहरीर मिलते ही अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
असम हाईवे पर गांव खमरिया के समीप स्थित भाजपा जिलाध्यक्ष के बेटे का शोरूम कोरल मोटर्स के नाम से है। शोरूम की रखवाली के लिए चौकीदार गांव रंपुरा के रामपाल और गांव खमरिया निवासी फूलचंद रात में वहीं रूकते हैं। मंगलवार रात दोनों चौकीदार सोते रह गए और चोरों ने घटना को अंजाम दे डाला। देर रात चोर शोरूम के पीछे वाली दीवार में गन्नों की सीढ़ी बनाकर चढ़ गए। इसके बाद भीतर प्रवेश कर गए। शोरूम में लगे एल्युमीनियम के दरवाजे को खोलकर अंदर प्रवेश किया और काउंटर की दो दराजों के ताले तोड़कर 3,37,761 रुपये चोरी कर लिए। घटना की जानकारी बुधवार तड़के करीब तीन बजे चौकीदार रामपाल के जागने पर हुई। शोरूम का दरवाजा खुला देख जब उसने काउंटर के पास जाकर देखा तो दो दराजों के ताले टूटे थे। इसकी सूचना उसी समय शोरूम मैनेजर अखिलेश व पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में कोतवाल केशव कुमार तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। कोतवाल ने बताया कि शोभित गुप्ता से मिली तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पहली बार रख छोड़ा था इतना कैश
शोरूम असम हाईवे पर सुनसान इलाके में बना है। वहां से गांव चांटफिरोजपुर और गांव खमरिया की आबादी दूर है। यहां पर सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं। इसलिए वहां पर कभी इतनी नकदी नहीं रखी जाती थी।