निर्माण के नाम पर लिया 15 लाख का लोन, अब फंसे
एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। मकान बनवाने के नाम पर एक व्यक्ति ने एसबीआई से 15 लाख रुपये का लोन ले लिया। तीन साल बाद जब बैंक से एक टीम जांच करने पहुंची तो मौके पर किसी तरह का निर्माण नहीं मिला। एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।
भारतीय स्टेट बैंक की एलएच चीनी मिल शाखा के प्रबंधक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शहर के मोहल्ला मलिक अहमद निवासी दशरथ लाल पुत्र उलफतराम ने प्लाट पर निर्माण कराने के लिए बैंक से 29 सितंबर 2015 में 15 लाख रुपये का लोन ले लिया था। इसकी बीते दिनों 18 सितंबर 2018 को बैंक की ओर से जांच कराई गई। बैंक से एक टीम बनाकर मौके पर भेजी गई। आरोप है कि इस दौरान कागजों में दर्शाए गए प्लाट पर जाकर चेक किया गया तो वहां किसी तरह का निर्माण कार्य नहीं मिला। इसके बारे में जानकारी करनेे की कोशिश की गई, लेकिन उपभोक्ता ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बैंक के साथ की गई धोखाधड़ी को लेकर शाखा प्रबंधक ने एसपी से मुलाकात कर शिकायत की। थानाध्यक्ष सुनगढ़ी रूम सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी दशरथ लाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।