पीलीभीत। जनपद के समस्त थानों पर समाधान दिवस का आयोजन कर अधिकारियों ने जनसुनवाई की। अमरिया पुलिस एक भी शिकायत का निस्तारण करने में कामयाब नहीं हो सकी। जबकि न्यूरिया में एक भी फरियादी नहीं पहुंचा। बकाया थानों पर समाधान दिवस की कार्रवाई संतोषजनक रही। एसपी समेत कई अफसर राउंड लेकर थाना स्तर पर पुलिस की गंभीरता परखने में जुटे रहे। फरियादियों की संख्या कम होने के पीछे जानकारी का अभाव अहम कारण रहा।
सितंबर माह के पहले शनिवार को ईद का अवकाश होने के कारण समाधान दिवस का आयोजन नहीं हो सका था। सोमवार को जनपद के समस्त 14 थानों में इसका आयोजन किया गया। कोतवाली सदर में नौ शिकायतें आईं। जिसमें चार का मौके पर निस्तारण किया गया। दो शिकायतें न्यायालय से संबंधित निकली, एक का निस्तारण कराने को राजस्व टीम के साथ पुलिस मौके पर भेजी गई है और दो लंबित है। सुनगढ़ी में सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल, एसएचओ मोहम्मद कासिम ने नौ में से छह शिकायतों का निस्तारण कराया। गजरौला में एसएचओ नरेंद्र यादव ने जनता की शिकायतों को सुनने के बाद उसका निस्तारण कराने को गांवों में टीमें भेजकर आठ में से छह का निस्तारण कराया। न्यूरिया थाना पर एक भी फरियादी नहीं पहुंचा। जिसके पीछे समाधान दिवस आयोजन की जानकारी न होने को कारण माना जा रहा है। एसपी कलानिधि नैथानी ने पुलिस कार्रवाई की हकीकत परखी। बिलसंडा और दियोरियाकलां कोतवाली जाकर जनता से रूबरू हुए। उनसे पुलिस की स्थिति की जानकारी की और शिकायतों के निस्तारण की गति को चेक किया। इस दौरान अभिलेख भी चेक किए गए। पूरनपुर। एएसपी रोहित मिश्रा की अध्यक्षता में कोतवाली में हुए समाधान दिवस में 11 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखी। इसमें से तीन का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
000
एसपी बोले, पिपरिया संजरपुर गांव जाकर करो सुनवाई
बीसलपुर/ दियोरिया। कोतवाली में सुबह से ही समाधान दिवस की तैयारी शुरू कर दी गई। कुल दो शिकायतें सामने आई। इसमें एक का निस्तारण कराया जा सका। उधर दियोरियाकलां कोतवाली में 12 में से नौ शिकायतों निस्तारण कराया गया। एसपी कलानिथि नैथानी ने कोतवाली पहुंचकर निरीक्षण किया। पिपरिया संजरपुर गांव की कई शिकायतें सामने आने पर एसपी ने कोतवाल को मंगलवार के दिन गांव जाकर ग्रामीणों की सुनवाई और निस्तारण के आदेश दिए।
000
सीओ ने निपटाया धार्मिक विवाद
माधोटांडा। क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर निवासी सगे भाई हीरा सिंह और चमकोर सिंह ने थाना दिवस में शिकायत की कि उन्होंने एक माह पूर्व अपने घर के बाहर एक शिव मंदिर का निर्माण कराया है। इसको लेकर कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। पूजा अर्चना करने से रोका जा रहा है। इस पर जनसुनवाई कर रहे सीओ पूरनपुर अनुराग दर्शन, एसएचओ मनोज कुमार त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और दोनों पक्षों से बातचीत की गई। सीओ ने बताया कि समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया गया है। एहतियातन मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
--------