बीसलपुर। डीएम के निर्देश पर सीओ प्रवीण मलिक ने डायट प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। सीओ कार्यालय के पेशकार ने शुक्रवार को डायट जाकर स्टाफ के बयान दर्ज किए। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य पीआर गुप्ता की 27 अप्रैल को डायट के डीएलएड छात्रों ने प्रैक्टिकल में कम नंबर देने के विवाद में पिटाई कर दी थी। कार्यालय में तोड़फोड़ कर अभिलेख फाड़ दिए थे। मामले की लिखित शिकायत इंस्पेक्टर जेपी सिंह, एसपी मनोज सोनकर और एडीएम अतुल सिंह से करने के बावजूद अब तक प्राचार्य की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। इसकी प्राचार्य ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसी बीच भाजपा विधायक रामसरन वर्मा ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया, लेकिन प्राचार्य ने दबाव देकर समझौते कराये जाने का आरोप लगाया था।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने अब इस मामले का निस्तारण डीएम वैभव श्रीवास्तव को सौंपा है। डीएम के निर्देश पर सीओ प्रवीण मलिक ने अपने स्तर से मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ कार्यालय के पेशकार इशहाक अहमद ने शुक्रवार दोपहर डायट जाकर स्टाफ के बयान लिए। सीओ ने लखनऊ पीजीआई अस्पताल में उपचार करा रहे डायट प्राचार्य से बात की और बयान देने के लिए उनसे बीसलपुर आने को कहा।