खेकड़ा (बागपत)।
नगर क्षेत्र में हुई मारपीट की चार अलग अलग घटनाओं में चार महिलाओं समेत दस लोग घायल हो गए। सभी घायलों ने थाने में हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी।
रविवार का दिन नगर क्षेत्र के लोगों के लिए मारपीट का दिन रहा। नगर क्षेत्र में पहली घटना नगर के मोहल्ला नाला पार में घटित हुई। मवाना निवासी नासिर अपनी पत्नी शाहजहां, भाई अलीमुदीन एवं भाभी फैमीदा के साथ अपनी बहन के यहां खेकड़ा आए । दोपहर करीब बारह बजे किसी बात को लेकर नासिर की अपने बहनोई के साथ हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसमें एक पक्ष के नासिर उसकी पत्नी शाहजहां, भाई अलीमुदीन एवं भाभी घायल हो गये। घायलों ने खेकड़ा थाने मेंहमलावर रिश्तेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी।
दूसरी घटना क्षेत्र के ग्राम सांकरौद में हुई। सांकरौद निवासी वकील एवं शकील के बीच रंजिश को लेकर हुई मारपीट में दोनों लोग घायल हो गए। दोनों घायलों ने थाने में में एक दूूसरे के खिलाफ तहरीर दी। तीसरी मारपीट क्षेत्र के ग्राम बसी में हुई। बसी निवासी अमरदीप की पड़ोसी युवक के साथ किसी बात को लेकर हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। बीच बचाव में आया अमरदीप का भाई और बहन सोनिया भी घायल हो गई। चौथी मारपीट क्षेत्र के ग्राम रटौल में हुई। ग्राम रटौल निवासी एक व्यक्ति ने आपसी कहासुनी के चलते अपने छोटे भाई की पत्नी की पिटाई कर दी। घायल महिला ने थाने में अपने जेठ के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने सभी घायलों की तहरीर लेकर सीएचसी में इलाज कराकर जांच शुरू कर दी।