पीलीभीत। बीसलपुर में प्रेमा किन्नर के घर डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले इनामी बदमाश को गजरौला एसएचओ नरेंद्र यादव ने टीम बनाकर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ के बाद आरोपी को चालान कर दिया गया है।
बीसलपुर कस्बा निवासी प्रेमा किन्नर के मकान में 29 अप्रैल 2017 को डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले में गजरौला निवासी बबलू उर्फ सलीमुददीन पुत्र शरफुद्दीन का नाम पूर्व में पकड़े गए बदमाशों ने बताया। जिसके बाद से पुलिस बबलू की तलाश में जुट गई। उसके ऊपर पांच हजार का इनाम घोषित कर दिया गया। एएसपी रोहित मिश्रा के निर्देशन में इनामी बदमाश की धरपकड़ को एसएचओ गजरौला नरेंद्र यादव, एचसीपी कुमेश मिश्रा, कांस्टेबल हरेंद्र ङ्क्षसंह, अथर अब्बास, दिलीप कुमार, विकुल कुमार, शमसुददीन की टीम गठित की गई। रविवार को मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने दियूनी बहादुरगंज मोड़ पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने दौड़ लगा दी। जिसको पीछा कर पुलिस ने धर दबोचा। एसएचओ गजरौला नरेंद्र यादव ने बताया कि आरोपी के पास से 12 बोर तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए है। उसको चालान कर जेल भेजा गया है।