पीलीभीत। प्रैक्टिकल में कम नंबर आने पर डायट प्राचार्य से मारपीट के मामले में दूसरे दिन रविवार को नया मोड़ आ गया। एक छात्र ने कोतवाली पहुंचकर प्राचार्य के खिलाफ तहरीर दी। इसमें जान बूझकर कुछ प्रशिक्षार्थियों को कम नंबर दिलाने, पूछने पर मारपीट और परिजनों से अभद्रता करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में अभी तक पुलिस ने किसी भी पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य पीआर गुप्ता ने शनिवार दोपहर पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें लिखा था कि कुछ छात्र प्रैक्टिकल में कम नंबर आने का आरोप लगाते हुए उनके कार्यालय में घुस आए और अभद्रता करने लगे। इसका विरोध करने सभी हमलावर हो गए और प्राचार्य से मारपीट की। जेब में रखा पर्स लूटने और तोड़फोड़ का भी आरोप है। इसमें एक डीएलएड छात्र की मां और चाचा को भी आरोपी बनाया था। दूसरे दिन रविवार को दूसरे पक्ष से भी शिकायत पुलिस को दी गई। यह तहरीर डीएलएड के छात्र केशव ने दी है। इसमें प्राचार्य पद का दुरुपयोग करते हुए छात्रों को कम नंबर दिलवाने का आरोप लगाया गया। कहा कि जो छात्र पढ़ने में काफी कमजोर हैं, उनको ए ग्रेड दे दिया है और जो पढ़ाई में तेज हैं, उनको सी ग्रेड मिला है। इसी की जानकारी करने के लिए शनिवार दोपहर वह अपनी मां रामबेटी और चाचा के साथ प्राचार्य के पास गए थे। इस पर कोई जवाब देने के बजाय प्राचार्य ने गाली गलौज की। विरोध करने पर लोहे के स्केल से उनकी पिटाई कर दी। साथ आए परिवार के लोगों से भी अभद्रता की गई। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने छात्र केशव का भी मेडिकल परीक्षण कराया। तहरीर में केशव के अलावा विवेक, अनुज, अमित, जगदीश, राहुल, राजकिरन, शुभम वर्मा, सागर यश समेत कई छात्रों के भी हस्ताक्षर है। फिलहाल पूरा मामला तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है।