स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग, सीओ के समझाने पर हुए शांत
विज्ञापन
भगाडांडी के पास भिड़ीं दो बाइक, दो घायल
जहानाबाद (पीलीभीत)। पट्टी कंजानाथ गांव के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पहुंचे सीओ सदर ने समझा-बुझाकर भीड़ को बमुश्किल शांत कराया। चालक व ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के खाता नवदिया गांव निवासी 28 वर्षीय अवनीश कुमार रुद्रपुर में काम करता है। शनिवार दोपहर काम निपटाकर वह बाइक से घर आ रहा था। पट्टी कंजानाथ के पास पहुंचते ही एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव वालों को जब यह पता चला तो उन्होंने सड़क पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना था कि मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएं। सूचना मिलने पर थाना पुलिस पहुंची, लेकिन ग्रामीण शांत नहीं हुए। इसके बाद सीओ सदर योगेंद्र कुमार ने ग्रामीणों से बातचीत की और संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम के समक्ष उनकी मांग रखकर इसका निस्तारण कराने का भरोसा दिलाया, तब कहीं जाकर ग्रामीणों का गुस्सा कम हुआ और उन्होंने जाम खोल दिया। इधर, भगाडांडी गांव के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई, जिसमें गोपाडांडी गांव निवासी 18 वर्षीय ललित पुत्र रामकुमार व मुड़सैना जहानाबाद निवासी शाहरुख पुत्र परवेज घायल हो गए। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।