पीलीभीत। टनकपुर हाईवे पर कस्बा पुलिस चौकी से सौ मीटर की दूरी पर स्थित मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया। मंदिर का ताला तोड़कर चोर दानपात्र और क्षत्र चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलने पर जमा हुए लोगों ने वारदात के खुलासे की मांग की है।
मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी नितिन कुमार त्रिवेदी ने बताया कि वह टनकपुर हाईवे पर छतरी चौराहा के पास स्थित संतोषी माता मंदिर है। बृहस्पतिवार देर शाम पूजापाठ करने के बाद पुजारी मंदिर में ताला लगाकर घर चले गए। देर रात चोरों ने मंदिर के मेनगेट का ताला तोड़कर घुसे चोर दानपात्र से रुपये और अलमारी में रखे चांदी के तीन क्षत्र चोरी कर ले गए। खास बात यह कि सौ मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी है। जहां पर हर समय पुलिस रहती है। शुक्रवार सुबह मंदिर पहुंचने पर पीड़ित को वारदात की जानकारी हुई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर मौका मुआयना कर पुलिस ने जानकारी जुटाई। पुजारी ने बताया कि एक माह पहले भी मंदिर से पीतल के घंटे चोरी गए थे। जिनका आज तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। कहा कि दानपात्र को दो माह से खोला नहीं गया था। उसमें कितने रुपये होंगे इसका आंकलन ऐसे नहीं किया जा सकता।