पीलीभीत। दहेज में बाइक और टेंपो खरीदने के लिए डेढ़ लाख रुपये न मिलने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को पीटा और गला दबाकर जान से माने की कोशिश की गई। एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी थाने में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के नौगवां पकड़िया गांव की निवासी तरन्नुम पुत्री रईस अहमद ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी सात साल पहले सितारगंज उत्तराखंड के ग्राम पंडरी निवासी आरिफ से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने की बात कहकर प्रताड़ित करने लगे। आए दिन मारपीट की जाने लगी। ससुराल वाले बाइक और टेंपो खरीदने के लिए डेढ़ लाख रुपये मांग रहे हैं। मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि 22 फरवरी को ससुरालियों ने विवाहिता से मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई। पीड़ित के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग जमा हो गए। इस पर आरोपी विवाहिता को मायके छोड़ गए। यह भी धमकी दी कि जल्द मांग पूरी नहीं की गई तो आरिफ की दूसरी शादी करा देंगे। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी एसपी सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर विवाहिता के पति आरिफ, अकील, समरीन, मोहम्मद हनीफ, साजिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।