खेकड़ा (बागपत)
रविवार की रात में चोरों ने खेकड़ा नगर पालिका परिषद कार्यालय को खंगाल दिया। चोर दफ्तर से दो एलईडी उतारकर ले गए। अभिलेख बिखरे मिले। साथ ही पुलिस कई बिंदुओं पर जांच में जुट गई है।
खेकड़ा नगर में सरकारी भवन में चोरी करना चोरों को रास आ रहा है। पिछले सप्ताह थाने से कुछ दूरी पर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से चोर ताले तोड़ कर दो इन्वर्टर चोरी कर ले गए। इसके बाद आवासों में भी चोरी हुई। रविवार की रात में चोरों ने नगर पालिका परिषद कार्यालय को निशाना बनाया। चोरों ने अभिलेखों की अलमारियों को खोल दिया। फाइल और कागज बिखेर दिए। सीसीटीवी के तार तोड़ दिए। चोर दो एलईडी टीवी उतारकर ले गए। ईओ निहारिका चौहान ने बताया कि नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। लिपिक नीरज शर्मा ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मौके मुआयना कर कई बिन्दुओं पर जांच शुरू कर दी है।
कही अभिलेखों को नष्ट करने की योजना तो नहीं
नगर पालिका में चोरी के दौरान अभिलेखों से छेड़छाड़, फर्श पर कागजों के बिखरे होने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। लोगों का कहना है कि कही यह महत्वपूर्ण अभिलेखों को नष्ट करने के लिए प्रायोजित कार्यक्रम तो नहीं है। पुलिस ने इस बिन्दु को भी अपनी जांच में शामिल किया है।
सीसी टीवी बंद क्यों थे
नगर पालिका कार्यालय में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष की हत्या हो चुकी है। ऐसे में बाद में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन सीसीटीवी कैमरों का बंद मिलना एक बड़ी लापरवाही है। थाना प्रभारी एसपी सिंह का कहना है कि मामला अत्यंत गंभीर है। जल्द ही पुलिस टीम लगाकर चोर का सुराग लगाया जाएगा।