आहट पर जागे परिवार वालों ने दबोचा, तमंचा व कारतूस बरामद
माधोटांडा क्षेत्र के जमुनिया गांव का मामला
माधोटांडा/पीलीभीत। किसान के घर में चोरी करने की नियत से घुसे गांव के एक युवक को सोमवार सुबह चार बजे आहट पर जागे परिवार वालों ने धर दबोचा। उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद होने पर सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने किसान से मिली तहरीर पर आरोपी को मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव निवासी किसान सुरेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पूरा परिवार घर में सो रहा था। सोमवार सुबह चार बजे मकान में खटपट की आवाज सुनकर परिवार वाले जाग गए। खिड़की से झांककर देखा तो गांव का रोहित राठौर घर में रखे सामान चोरी करने का प्रयास कर रहा था। शोर मचाकर परिवार वालों को एकजुट करने के बाद किसान ने आरोपी को मौके पर दबोच लिया। उसके पास से एक 12 बोर तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण जमा हो गए। इसकी सूूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में माधोटांडा पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित से पूरे मामले की जानकारी करने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर थाने आ गई। उधर आरोपी के परिवार वालों ने साजिशन चोरी प्रयास के मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया। एसएचओ इंद्र सिह ने बताया कि किसान से मिली तहरीर पर चोरी का प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को पूछताछ के बाद चालान कर दिया है।