ससुराल में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत का मामला
पीलीभीत। शुक्रवार को ससुराल में संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकी मिली विवाहिता सुमित कौर की मौत के मामले में पंजाब से परिवारीजनों के आने के बाद दूसरे दिन शनिवार को कानूनी कार्रवाई की गई है। सुनगढ़ी पुलिस ने मृतका के भाई से मिली तहरीर पर पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवारीजनों ने एसपी बालेंदु भूषण सिंह से भी मुलाकात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कराने की भी मांग की। इस पर एसपी ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
लुधियाना (पंजाब) के डावा निवासी सतनाम सिंह ने सुनगढ़ी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन सुमित कौर की शादी 2015 में मोहल्ला खुशीमल के निवासी हरविंदर सिंह बग्गा से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने की बात कहकर ताना मारने लगे थे। उसको आए दिन प्रताड़ित किया करते थे। आरोप लगाया कि शुक्रवार को दहेज की मांग पूरी न होने के चलते विवाहिता सुमित कौर की हत्या कर दी गई। बाद में सुसाइड दर्शाने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया गया। थानाध्यक्ष रूम सिंह बघेल ने बताया कि भाई से मिली तहरीर पर पति हरविंदर सिंह बग्गा, ससुर इंद्रजीत सिंह, देवर राजा और देवरानी मोनिषा के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।