02 पीबीटीपी 14, 17, 18
बंद पड़े स्लाटर हाउस के भवन को प्रशासन ने गिराया
मीट की दो दुकानें सीज, चार को दिया नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर चले अभियान में मीट की दुकानों की जांच की गई। इसमें बिना लाइसेंस चल रही दो दुकानों को सीज कर दिया गया, जबकि दुकान बंद होने पर चार को नोटिस जारी किया गया है। इस दौरान बंद पड़े नगरपालिका के स्लाटर हाउस के जर्जर भवन को भी प्रशासन ने गिरवा दिया।
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद अवैध रूप से मीट का व्यापार करने वालों पर शिकंजा कसा गया था। कुछ दिनों बाद शहर सहित पूरे जिले में मीट की अवैध दुकानों का संचालन फिर शुरू हो गया। इस पर डीएम के निर्देश पर मंगलवार को शहर में अभियान चलाया गया। सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश मिश्रा के नेतृत्व में सीओ सिटी धर्मसिंह मार्छाल, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी वीके वर्मा की टीम ने शहर में छापामारी की। मोहल्ला भूरे खां में अवैध रूप से चल रही दिलकश और फईम की मीट की दुकानों को सील कर दिया गया। वहीं, चार दुकानें बंद मिलने पर नोटिस जारी किया गया। इस दौरान मोहल्ला शेखचांद में राना चिकन सेंटर की जांच की गई। मीट दुकानों की कार्रवाई के दौरान टीम भूरे खां मोहल्ले में ही बाले मियां की मजार के निकट स्थित नगरपालिका के बंद पड़े स्लाटर हाउस पहुंची। यहां अवैध रूप से पशु वध होने के प्रमाण पाए गए। जिसपर सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर जर्जर हो चुके भवन को नगरपालिका के ईओ सुरेंद्र प्रताप सिंह ने जेसीबी मंगवाकर गिरवा दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से मीट विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी वीके वर्मा ने बताया कि अवैध रुप से चल रही दुकानों को बंद कराया जा रहा है। स्लाटर हाउस का कोई लाइसेंस नहीं हैं। बंद पड़े भवन को गिरा दिया है।