मां पर तमंचा तानकर बेटी
के अपहरण की कोशिश
तीन के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की छेड़छाड़ की रिपोर्ट
- शहर के एक मोहल्ले में हुई वारदात से फैली सनसनी
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी।
शहर के एक मोहल्ले में सोमवार की शाम पहुंचे कार सवार तीन युवक एक घर में घुस गए। घर में मौजूद महिला पर तमंचा तान दिया और उसकी 19 वर्षीय पुत्री को अगवा कर कार से ले जाने की कोशिश की। शोर मचने पर आसपास के लोग मौके पर आ गए तो आरोपी युवती को छोड़कर कार समेत भाग निकले। पुलिस ने युवती के पिता की ओर से एक युवक को नामजद कर दो अज्ञात के खिलाफ घर में घुसकर छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि वह शहर के एक मोहल्ले में किराए के मकान में रहते थे। उस समय दूसरे मोहल्ला मिश्राना में रहने वाला टिंकू पाठक उर्फ प्रतीक मकान मालिक के घर आता जाता था और उसकी पुत्री को अक्सर परेशान करता था। अब उन्होंने अपना नया मकान बनवा लिया है और उसमें पत्नी और बेटी के साथ रहते हैं। उनकी पुत्री पढ़ने जाती थी तो आरोपी उसके साथ छेड़छाड़ कर परेशान करता था। इस डर से उसने स्कूल भी जाना छोड़ रखा था।
पहली जनवरी को वह अपने किसी काम से गोला गए थे। घर पर पत्नी और पुत्री अकेली थीं। शाम करीब सवा पांच बजे आरोपी टिंकू पाठक अपने दो अज्ञात साथियों के साथ कार से उनके घर पहुंचा। घर में घुसते ही पत्नी पर तमंचा तान दिया। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए पुत्री को घर के बाहर ले आए। इसी बीच शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और विरोध किया तो आरोपी पुत्री को छोड़कर कार समेत भाग निकले। पत्नी ने उन्हें घटना की जानकारी दी तो वह गोला से तुरंत लौट आए। शाम करीब सात बजे पीड़ित पुत्री और पत्नी को लेकर वह कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। सदर कोतवाल अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर घर में घुसकर छेड़छाड़ और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच राजापुर चौकी इंचार्ज सुमित कुमार को सौंपी गई है। यदि अगवा करने की कोशिश की बात जांच में आती है तो उसे जांच में शामिल किया जाएगा।
स्कूल जा रही छात्रा
से की छेड़छाड़
- किशोरी के भाई ने पुलिस को दी तहरीर, जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
सिंगाही खीरी।
थाना क्षेत्र के एक गांव से मंगलवार को स्कूल जा रही कक्षा 10 की एक छात्रा के साथ गांव के ही एक युवक ने छेड़छाड़ कर दी। छात्रा के भाई ने गांव के ही आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
पीड़िता के भाई ने बताया कि उसकी बहन कक्षा 10 की छात्रा है। मंगलवार को बहन स्कूल जा रही थी। गांव के ही एक युवक ने रास्ते में उसे रोक लिया। फब्तियां कसते हुए उसके साथ छेड़छाड़ की। बहन के शोर मचाने पर जब लोग आ गए तो आरोपी मौके से भाग निकला। घटना के बाद बहन रास्ते से घर लौट आई और पूरी बात बताई। इस पर भाई अपनी बहन को लेकर थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। एसओ अजय कुमार मिश्र ने बताया की तहरीर मिली है। सिपाहियों को मौके पर भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।