पीलीभीत। पोलिंग पार्टियों की रवानगी को लेकर तैयार ट्रैफिक प्लान की सोमवार को हवा निकल गई। तीन घंटे तक मंडी से हाईवे तक लगे ट्रैफिक जाम में फंस कर लोग बेहाल हो उठे। ऊपर से चिलचिलाती धूप ने लोगों के खूब पसीने छुड़ाए।
बता दें कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों में पुलिस और प्रशासनिक अमला तीन महीने से जुटा था। जिले में मंगलवार को मतदान है। इसके लिए गोरखपुर, हरदोई, बरेली समेत कई जनपदों से बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। करीब सात हजार मतदान कर्मियों को भी चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है। इनको मतदान केंद्रों और क्षेत्रों में भेजने के लिए दो दिन पहले से ही छोटे वाहनों को अधिग्रहीत कर पुलिस लाइंस में खड़ा करा लिया था, इसके बाद सोमवार को जब पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हुई तो शहर से लेकर हाईवे तक जाम की गिरफ्त में आ गए।
यहां पर रही समस्या
मंडी परिसर से पोलिंग पार्टियों की रवानगी का सिलसिला सुबह नौ बजे से शाम तक जारी था। चुनाव ड्यूटी में लगाए वाहनों की आवाजाही ने मंडी ही नहीं शहर के आसपास के सभी इलाकों को जाम की गिरफ्त में ले लिया। रामलीला रोड, ड्रमंड इंटर कॉलेज चौराहा, असम चौराहा समेत कई स्थानों पर वाहनों का रेला लगा रहा। जाम की मुख्य वजह अफसरों की ओर से ट्रैफिक प्लान को लेकर कोई ठोस रणनीति नहीं बनाना है।