सिपाही ने व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष से की अभद्रता, बिफरे व्यापारी
पीलीभीत। दो व्यापारियों के बीच हुई मामूली कहासुनी के मामले में सुलह कराने पहुंचे व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष से सुनगढ़ी थाने के एक सिपाही ने अभद्रता कर दी। जिसके बाद व्यापारी जमा हो गए और सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। इसकी सूचना मिलने पर सीओ सिटी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को शांत कराया। मामले का संज्ञान लेकर एसपी ने आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है। प्रकरण को लेकर सुनगढ़ी थाने पर तैनात अतिरिक्त इंस्पेक्टर सुनील कुमार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए गए। खुद सीओ सिटी ने इस पर नाराजगी जताई। जिसके बाद एसपी ने इंस्पेक्टर और सिपाही दोनों पर कार्रवाई की है।
घटना शनिवार दोपहर करीब सवा 12 बजे की है। नौगवां पकड़िया गांव के रहने वाले दो व्यापारियों के बीच मामूली कहासुनी हो गई थी। इस पर दोनों पक्ष सुनगढ़ी थाने पहुंच गए थे। इसकी जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष अफरोज जिलानी दोनों के बीच सुलह कराने के लिए सुनगढ़ी थाने पहुंच गए। वहां पहुंचने के बाद थाना कार्यालय में घुसकर दोनों व्यापारियों से बातचीत करने लगे। आरोप है कि इस बीच कार्यालय में मौजूद सिपाही नीरव सक्सेना ने व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष से अभद्रता करते हुए उनको बाहर जाने को कह दिया। परिचय देने के बाद भी सिपाही ने उनको कार्यालय से बाहर जाने की बात कही। जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। कुछ ही देर में व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष अनिल महेंद्रू, अमनदीप सिंह जौली, युवा व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष अंशुमन तिवारी, सौरभ सक्सेना समेत कई व्यापारी जमा हो गए। इसकी सूचना मिलने पर सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को शांत कराया। प्रकरण में थाने पर मौजूद अतिरिक्त इंस्पेक्टर सुनील कुमार पर भी लापरवाही का आरोप लगा। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने सख्ती की है। एसपी बालेंदु भूषण सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर सीओ से रिपोर्ट ली गई है। सिपाही नीरव सक्सेना को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं अतिरिक्त इंस्पेक्टर की भी लापरवाही मिलने पर उनको थाने से हटाकर क्राइम ब्रांच किया गया है।