पूरनपुर। अशोक नगर कॉलोनी निवासी विनोद गिरि के बंद घर को सोमवार रात चोरों निशाने पर लिया। मेनगेट का कुंडा काटकर चोर भीतर घुसे और 32 हजार रुपये समेत सवा लाख का सामान समेट ले गए। दूसरे दिन मंगलवार सुबह मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी जुटाई।
विनोद गिरि ने बताया कि सोमवार शाम को वह मकान को ताला लगाकर मोहल्ला चौक स्थित दूसरे मकान में चले गए थे। रात को चोर बंद मकान के मेनगेट का कुंडा तोड़कर भीतर घुसे। इसके बाद कमरों में पहुंचकर सामान खंगालना शुरू कर दिया। यहां से चोर 32 हजार रुपये, जेवरात, कपड़े सहित करीब सवा लाख रुपये का सामना चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह घर पहुंचने पर पीड़ित को घटना का पता लगा। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। कोतवाल नरेंद्र यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर सुरागरसी की जा रही है।
000
कलीनगर में दो दुकानों के चटकाए ताले
जमुनिया/माधोटांडा। कलीनगर कस्बे में भी चोरों ने दस्तक देकर खोखा समेत दो दुकानों के ताले तोड़कर हजारों का सामान समेटा। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई।
कस्बा कलीनगर निवासी नफीस अहमद का मेन बाजार में खोखा है। सोमवार रात चोरों ने खोखे का गेट तोड़कर उसमें रखा तीन हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। इसके बाद कुछ ही दूरी पर स्थित यूसुफ मंसूरी की परचून की दुकान के ताले चटकाए। ताले तोड़कर भीतर घुसे चोर पांच हजार की नकदी समेत 11 हजार का सामान समेट ले गए। चौकीदार सब्बीर ज्ञानी से घटनाओं की जानकारी मिलने पर पुलिस मौका मुआयना करने पहुंची। इसके बाद खोखा स्वामी की ओर से दी जा रही तहरीर को लेने से इंकार कर दिया। किराना दुकान स्वामी की तहरीर में ही उसको शामिल करने की बात कह दी। उधर, एक रात में दो स्थानों पर हुई चोरी की वारदात को लेकर व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय गुप्ता ने रात्रि गश्त पर सवाल खड़े किए। एसएचओ इंद्र सिंह ने बताया कि चोरों के बारे में सुरागरसी कराई जा रही है।