जहानाबाद/ पीलीभीत। बरेली हाईवे से सटे अधकटा मार्ग पर गुलड़िया जाफरपुर नहर के पास रविवार दोपहर डेढ़ बजे पिता-पुत्र से तमंचे के बल पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े 80 हजार रुपये लूट लिए। इसकी सूचना मिलने पर जहानाबाद और नवाबगंज दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर सीमा विवाद में उलझने के बाद घटनास्थल जहानाबाद क्षेत्र में निकलने पर कार्रवाई शुरू की गई। पीड़ित पिता-पुत्र से जानकारी कर पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की। इसके बाद बदमाशों के बारे में सुराग जुटाने के लिए टीम अधकटा गांव भेजी गई है। खास बात रही कि अपराधियों ने जिस वक्त वारदात को अंजाम दिया, उस दौरान आईजी एसके भगत नारी सुरक्षा सप्ताह का समापन करने के लिए बतौर मुख्य अतिथि जिला मुख्यालय पर मौजूद थे।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम जदीशपुर निवासी किसान मोहन सिंह रविवार सुबह दस बजे बेटे शेर सिंह के साथ भैंस खरीदने के लिए नवाबगंज (बरेली) में अधकटा बाजार गए थे। यहां कोई सही पशु न मिलने पर बिना खरीदारी किए दोनों दोपहर डेढ़ बजे गांव लौट रहे थे। अधकटा मार्ग पर गुलड़िया जाफरपुर नहर के पास पहुंचते ही पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उनको ओवरटेक कर रोकने के बाद गिरा दिया। इसके बाद दो बदमाशों ने पिता-पुत्र पर तमंचा तान दिया। मारपीट करते हुए बदमाश शेर सिंह के पास रखे 74 हजार व मोहन सिंह की जेब में रखे छह हजार रुपये लूट लिए। एक बाइक सवार ने चीख पुकार सुनकर मदद करने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसको भगा दिया। इसके बाद बदमाश वापस अधकटा गांव की ओर निकल गए। पीड़ित से सूचना मिलने पर बार्डर क्षेत्र होने के कारण नवाबगंज और जहानाबाद दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीमा विवाद का निस्तारण करने के बाद जहानाबाद पुलिस ने पिता-पुत्र से घटना की जानकारी की। चेकिंग आदेश पर बाइक सवार बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन नतीजा पूर्व की भांति ढाक के तीन पात रहा। कुछ ही देर में सीओ सदर योगेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंच गए और पिता-पुत्र से घटना को जाना। इसमें दोनों ने बताया कि अधकटा बाजार में पशु तलाशते वक्त पांच युवक उनके पास आए थे, जिनसे कंधे पर हाथ रखने को लेकर कहासुनी भी हुई थी। उसी में शामिल तीन युवकों पर वारदात करने का आरोप लगाया। इस पर सीओ ने एसएचओ किरनपाल सिंह को पुलिस बल के साथ अधकटा बाजार छानबीन के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है।
000
अधकटा पशु बाजार से लौट रहे पिता-पुत्र से लूट की वारदात हुई है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ जहानाबाद थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। बदमाशों की पहचान कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। एसएचओ जहानाबाद को सुरागरसी के लिए अधकटा गांव भेजा गया है, जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
योगेंद्र कुमार, सीओ सदर