बिलसंडा। गांव बढ़ेपुरा के प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील चेक करने गए लेखपाल को प्रधान और उसके भाइयों ने पीट दिया। सरकारी कागजात भी छीन लिए। लेखपाल की ओर से थाने में प्रधान और उसके दो भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
लेखपाल प्रशांत कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह डीएम के आदेश पर बढ़ेपुरा के प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील चेक करने गया था। जहां रसोइया लीलावती ने पूछने पर बताया कि स्कूल में एक जुलाई से फल और दूध नहीं दिया जा रहा है, उसका बयान दर्ज करते समय ग्राम प्रधान हृदयेश शुक्ला अपने भाइयों योगेश शुक्ला और आशीष शुक्ला के साथ आ गए। आरोप है कि उन्होंने उससे मारपीट की। उसने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि प्रधान और उसके भाइयों ने लेखपाल से सरकारी कागजात भी छीन लिए।
सूचना मिलने पर एसएसआई संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लेखपाल को थाने लेकर आए। इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान हृदयेश शुक्ला, उसके भाई आशीष और योगेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इधर, ग्राम प्रधान हृदयेश शुक्ला ने बताया कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप निराधार हैं। लेखपाल ने विरोधी पार्टी के उकसाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।