पीलीभीत। शहर के बीचोंबीच स्थित साढ़े छह सौ गज जमीन पर निर्माण की शुरुआत कराए जाने के बाद विवाद की स्थिति बन गई। डाक विभाग के अधिकारियों ने उक्त जमीन पर अपना हक जताते हुए पुलिस से शिकायत की। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माण रुकवा दिया। उधर, दूसरे पक्ष ने इसको अपनी जमीन बताते हुए दावा कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से कागजात मंगाए हैं। फिलहाल अग्रिम फैसला जांच के बाद प्रशासनिक अफसरों पर छोड़ा गया है।
सहायक अधीक्षक डाकघर अजय कुमार जैन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बरेली गेट के पास सिटी डाकघर की इमारत पहले ही ढह चुकी है। इसकी बाउंड्री पर गेट लगे हुए थे, जिन पर ताले डाल दिए गए थे। लोहे की रेलिंग भी बनी हुई थी। आरोप है कि कुछ लोगों ने मंगलवार रात यहां की चहारदीवारी को तोड़ दिया। जिसके बाद उस पर अवैध कब्जा कर लिया है। यह भी बताया कि इसका एक वाद सिविल जज जूनियर डिवीजन में विचाराधीन है। इसकी सूचना देते हुए बुधवार सुबह पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने मौकेपर दबिश दी। यहां पर कुछ लोग मौजूद मिले। पुलिस ने वहां पर चल रहे काम को रुकवा दिया। पूछताछ की गई, इसमें दूसरे पक्ष ने भी जमीन को अपना बताते हुए दावा कर दिया। उनका कहना है कि डाकघर के अफसर इस जमीन पर बेवजह हक जमा रहे हैं। जिस जमीन का मुकदमा विचाराधीन होने की बात कही जा रही है, उसकी गाटा संख्या अलग है और वह गीता मंदिर के पास है। यह जमीन उनकी है और इसका गाटा संख्या भी अलग है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद बरेली के प्रवर अधीक्षक डाकघर पीके सिंह ने एसपी को एक पत्र भेजा है, जिसमें डाकघर की जमीन पर कब्जा किए जाने की बात कहते हुए इसको कब्जामुक्त कराने की मांग की है। फिलहाल पूरे दिन मामला चर्चा का विषय बना रहा। एसएसआई कोतवाली पुष्कर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से जमीन से जुड़े कागजात मंगाए गए हैं। अग्रिम कार्रवाई के लिए अधिकारियों से संपर्क साधा जा रहा है। अभी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। फिलहाल काम रुकवा दिया गया है।
देर शाम कोतवाली में दर्ज हुई रिपोर्ट: देर शाम डाक विभाग के अफसरों से मिली तहरीर पर धोखाधड़ी, सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम समेत संगीन धाराओं में दर्ज कर ली है। इसमें भिटौराखुर्द गांव निवासी योगेंद्र कुमार, आशीष कुमार, उमेश सिंह, शेष कुमार, नई बस्ती निवासी बृजेश सिंह, माधोटांडा के प्रधुम्र सिंह, अनुरुद्ध सिंह, नीलेश सिंह, जिरौनिया के सोमवीर सिंह, बाजार कटरा के शिवा गुप्ता, एकता नगर के राजीव गंगवार, काकोरी लखनऊ के पारसमणि पांडे, नवाबगंज बरेली के शैलेंद्र शर्मा और एक अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की गई है।