बीसलपुर। छोटे भाई से हुई कहासुनी के बाद एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। मकान से एक किलोमीटर की दूरी पर उसका शव पाकड़ के पेड़ से दुपट्टे से बने फंदे पर लटका मिला। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों से जानकारी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पसगवां (लखीमपुर खीरी) के गांव कलवारी निवासी 32 वर्षीय असलम मजदूरी करते थे। उनके पिता सईदुलशाह की आठ माह पूर्व मौत हो चुकी है। असलम परिवार के साथ बीते 12 दिन से अपनी ससुराल बीसलपुर के गांव इमलिया मरौरी में आए थे। यहां सोमवार को उसके साले की शादी थी। सोमवार को छोटा भाई उस्मान भी शादी में शामिल हुआ। वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद पिता की मौत के बाद पहली ईद पर असलम के घर न आने पर छोटे भाई उस्मान ने खासा नाराजगी जताई। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। जिसके बाद मंगलवार सुबह उस्मान वापस चला गया। सोकर उठने के बाद असलम करीब छह बजे घर से शौच जाने की बात कहकर निकल गया और एक किलोमीटर दूर पाकड़ के पेड़ पर दुपट्टे का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। ग्रामीणों ने फंदे पर असलम का शव लटकता देखा तो शोर मच गया। काफी लोग जमा हो गए। परिवार वाले भी आ गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में सीओ प्रवीण मलिक, एसएसआई इश्तयार खां पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने भाइयों के बीच हुई कहासुनी के बाद खुदकुशी करने की बात कही। कानूनी कार्रवाई से भी इंकार कर दिया। हालांकि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घटना के बाद से परिवार में चीख पुकार मची है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक के दो बेटी छह वर्षीय शाहीन और चार वर्षीय तहरीन है।
कई दिनों से ससुराल में रह रहे युवक के फंदा लगाकर जान देने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर जानकारी की गई तो छोटे भाई से हुए विवाद के बाद खुदकुशी करने का मामला निकला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किसी तरह की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
- प्रवीण मलिक, सीओ बीसलपुर