पीलीभीत। बीसलपुर रोड पर रूपपुर गांव के पास पिकअप और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रक छोड़कर उसका चालक भाग गया। सुनगढ़ी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के थाना किच्छा क्षेत्र के गांव छिनकी निवासी 32 वर्षीय फिरासत अली पुत्र शौकत अली प्राइवेट चालक हैं। सोमवार सुबह वह पिकअप में माल भरकर बीसलपुर जा रहे थे। बीसलपुर रोड पर रूपपुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक से पिकअप की भिड़ंत हो गई। हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गए। ट्रक छोड़कर चालक भाग गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने आनन-फानन में फिरासत अली को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस से खबर मिलने पर मृतक का भाई रियासत अली व कुछ अन्य परिजन आ गए। पुलिस ने उनसे जानकारी की और फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों वाहन पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। मृतक के भाई रियासत से मिली तहरीर पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार की टक्कर से बालक घायल, बरेली रेफर
पीलीभीत। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के बरहा गांव निवासी मुकेश का आठ वर्षीय पुत्र सागर सोमवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर खेल रहा था। इस बीच कार ने उसको टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन आ गए। आनन-फानन में बालक को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर कर दिया गया है।