पीलीभीत। इलाज के दौरान राजमिस्त्री की मौत के मामले में बृहस्पतिवार आधी रात तक चले हंगामे के बाद कानूनी कार्रवाई की गई है। कोतवाली पुलिस ने परिजनों की ओर से दी गई तहरीर पर एसएस हॉस्पिटल के डॉक्टर और निर्माणाधीन मकान के मालिक के खिलाफ रिपोर्ट (धारा 304 ए) दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के बरहा गांव निवासी राजमिस्त्री 35 वर्षीय छोटेलाल पुत्र लालता प्रसाद बिलगवां रोड पर एक कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान में काम करते वक्त गिरकर घायल हो गए थे। उनको गांधी स्टेडियम रोड स्थित एसएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। रात में छोटेलाल की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर की ओर से इलाज में बरती गई लापरवाही से मौत का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। काफी देर इंतजार के बाद पुलिस ने कार्रवाई के लिए शव कब्जे में लेने का प्रयास किया तो परिजन भिड़ गए। महिलाएं भी पुलिस से उलझने लगी। हालांकि रात करीब साढ़े 11 बजे सख्ती कर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया था। जिसके बाद मामला शांत कराया जा सका था। इस दौरान परिजनों की पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक भी होती रही थी। प्रभारी निरीक्षक वीके मिश्रा से कुछ लोगों की मोबाइल से फोटो खींचने को लेकर कहासुनी हुई। बाद में सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने भीड़ को शांत कराया था। रात में ही पुलिस ने मृतक के भाई बबलू की ओर से दी गई तहरीर पर कानूनी कार्रवाई की। इसमें एसएस हॉस्पिटल के डॉक्टर और निर्माणाधीन मकान, जहां पर छोटेलाल काम करते वक्त गिर गए थे। उसके मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया। देर रात तक चले हंगामे के दौरान एसएस हास्पिटल में आईएमए के कई डॉक्टर भी जमा रहे और परिजनों से बातचीत की जाती रही।
टाल गए हॉस्पिटल संचालक
मरीज की मौत के मामले में जब एसएस हॉस्पिटल के संचालक डॉ. प्रांजल अग्रवाल से जब जानकारी लेनी चाही, तो वह टाल गए। मरीज की मौत के बारे में उन्होंने कहा कि इसमें अभी कोई आइडिया नहीं है।
शव को पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में किसी को नामजद नहीं किया गया है। लापरवाही के आरोप में एसएस हॉस्पिटल के डॉक्टर और निर्माणाधीन मकान के मालिक पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश कोतवाल को दिए गए हैं। - धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सिटी