फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस और ग्रामीण के बीच गुत्थम-गुत्था, फोटो वायरल, दो लाइन हाजिर

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। झगड़े की सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस से शराब के नशे में धुत एक युवक भिड़ गया। सिपाही की कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। जिसके बाद साथी पुलिसकर्मियों की मदद से सिपाही ने युवक को काबू करने की कोशिश की तो बीच सड़क दोनों के बीच गुत्थम-गुत्था हो गई। इसका फोटो और वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हो गए। सिपाहियों पर युवक से मारपीट के आरोप लगाए गए। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने हेडकांस्टेबल समेत दो पुलिसकर्मियों को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया। सीओ सिटी को गांव भेजकर पूरे मामले की जांच कराई गई है। सोशल साइट्स पर वायरल फोटो जिले में चर्चा का विषय बनी रही।
विज्ञापन

मामला गजरौला थाना क्षेत्र के राम नगरिया गांव का है। शुक्रवार शाम को गांव के बेचेलाल और दीपक उर्फ दीपचंद के बीच झगड़ा हो गया था। बेचेलाल ने इसकी सूचना यूपी 100 पर दी। इस पर यूपी 100 की पीआरवी संख्या 2061 मौके पर पहुंची। उसमें हेड कांस्टेबल श्याम नरायण और कांस्टेबल चालक अर्जुन सिंह मौजूद थे। आरोपी दीपक को पकड़ने के लिए पुलिस जैसी ही पहुंची शराब के नशे में धुत दीपक पुलिसकर्मियों से भिड़ गया। उनका कॉलर पकड़ने के बाद गाली गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। जिसके बाद दोनों सिपाही और दीपक के बीच सड़क पर ही गुत्थम-गुत्था होने लगी। किसी तरह पुलिस उसको काबू में कर गजरौला थाने लेकर आई। इधर, दोनों के बीच हो रही गुत्थम-गुत्था का फोटो और वीडियो शनिवार सुबह सोशल साइट्स पर वायरल हो गए। फोटो पोस्ट करते वक्त पुलिस पर युवक से मारपीट करने के आरोप भी लगाए गए। मामला संज्ञान में आते ही एसपी मनोज कुमार सोनकर ने दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल को गांव भेजकर जांच कराई गई। ग्रामीणों के अलावा झगड़ने वाले दोनों युवकों के भी बयान लिए गए। जिसमें पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।

एक मोबाइल को लेकर हुई थी झगड़े की शुरूआत
सीओ सिटी की ओर से की गई जांच के बाद इस पूरे विवाद की तस्वीर साफ हो गई है। पुलिस के अनुसार रामनगरिया गांव निवासी दीपक और बेचेलाल कारीगर हैं। 16 मई को दोनों महुआ गांव निवासी बाबूराम की शादी में खाना बनाने के लिए गए थे। वहां पर बाबूराम का एक मोबाइल खो गया। बाबूराम को शक था कि ये मोबाइल इन्हीं दोनों के पास है। इधर, बेचेलाल भी मोबाइल को तलाशने में लग गया। पांच दिन बाद ये मोबाइल दीपक के पास मिलने पर बेचेलाल ने उसको वापस करवा दिया। इधर, दीपक मोबाइल के साथ चली गई अपनी चिप को वापस मांग रहा था। रिचार्ज के 300 रुपये भी मांगे। जिसको लेकर दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए। शुक्रवार शाम को भी शराब पीने के बाद दीपक ने इसी बात पर झगड़ा किया था। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस गांव गई थी और दीपक पुलिसकर्मियों से भी भिड़ गया था।
विज्ञापन


बेचेलाल और दीपक का भी शांतिभंग में चालान
एक तरफ सिपाहियों पर विभागीय कार्रवाई की गई है, तो वहीं झगड़ा करने वाले बेचेलाल और दीपक पर भी शिकंजा कसा गया है। सीओ सिटी ने बताया कि झगड़ा करने पर दीपक और बेचेलाल दोनों का शनिवार को शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है।

जांच में सामने आया है कि झगड़े की सूचना पर यूपी 100 पुलिस गांव गई थी। इस दौरान एक युवक पुलिस से भिड़ गया, तो उसको काबू करने में सख्ती की गई। इसी दौरान फोटो लेकर किसी ने वायरल कर दिए। रिवाल्वर मुंह में डालने की बात भी गलत निकली है। फिलहाल दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। सीओ सिटी से जांच रिपोर्ट मिलने पर अग्रिम फैसला लिया जाएगा। - मनोज कुमार सोनकर, एसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें