सद्दाम की पत्नी शबीना ने आरोप लगाया है कि पंद्रह हजार रुपये की मांग पूरी न करने पर उसके पति को पुलिस ने मार डाला। तहरीर एसपी को सौंप कर कोतवाल, एसएसआई सहित कई पुलिस कर्मियों पर पिटाई कर उसके पति की हत्या करने का आरोप लगाया है।
शबीना ने बताया कि बृहस्पतिवार को जब सुबह करीब आठ बजे वह कोतवाली पहुंची तब कोतवाल, एसएसआई और 10-15 पुलिसकर्मी उसके पति और एक अन्य युवक की पिटाई कर रहे थे। पुलिस ने उसे डांटकर कोतवाली से भगा दिया। इसके बाद सुबह करीब दस बजे कोतवाली पहुंचने पर उसे पति का चालान करने की जानकारी दी गई। जब उसने पति की चप्पलें पड़ी देखीं तो उसे शक हुआ। पुलिस से पति का मोबाइल मांगा तब पुलिस ने कोतवाली से जाने और अगले दिन आने को कहा। कोतवाली गेट पर कुछ लोगों ने कोतवाली में दो लोगों की मौत की जानकारी दी। तब पति की मौत के बारे में उसे पता लगा।
शबीना ने बताया कि बुधवार को अपरान्ह चार बजे चार सौ रुपये चोरी करने के आरोप में पुलिस घर से उसके पति को पकड़कर लाई थी। चोरी कहां और किसकी हुई इसकी जानकारी पुलिस ने नहीं दी। बुधवार की देर रात कोतवाली पहुंचने पर उसके पति ने पुलिस द्वारा छोड़ने के एवज में पंद्रह हजार रुपये की मांग की जानकारी देकर रुपये का इंतजाम करने को कहा, लेकिन रुपयों का इंतजाम नहीं हो सका। शबीना का आरोप है कि पंद्रह हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर उसके पति को पुलिस ने मार डाला।
बाक्स
एक बार जेल गया था सद्दाम
शबीना ने बताया कि करीब चार साल पहले उसने सद्दाम से प्रेम विवाह किया था। तब उसके मायके वालों ने सद्दाम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब पुलिस ने सद्दाम को पकड़कर जेल भेजा था।
बाक्स
देहरादून की जाने की तैयारी मेें था सद्दाम
शबीना ने बताया कि सद्दाम चार भाईयों में छोटा था। सद्दाम का बड़ा भाई यामीन, आसिफ देहरादून मेें रहकर ड्राइवरी करते हैं। जीशान भी देहरादून में रहता है। सद्दाम के साथ वह भी देहरादून जा रही थी। इसको लेकर बैग तैयार कर लिया था, लेकिन पुलिस उसके घर से उसके पति को पकड़ लाई और हत्या कर दी।