पीलीभीत। हरियाणा से घर लौट रहे एक युवक का शव माधोटांडा मार्ग पर गौहनिया क्रासिंग के निकट यात्री शेड में मिला है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। युवक के जहरखुरान लुटेरों का शिकार होने की आशंका है।
गजरौला थाना क्षेत्र के गांव गोयल कॉलोनी निवासी शैलेंद्र विश्वास का 22 वर्षीय पुत्र शंकर विश्वास पिछले करीब एक साल से हरियाणा की एक गारमेंट्स फैक्ट्री में सिलाई का काम करता था। वहां से रविवार को वह अपने घर आने को हरियाणा से चला था, लेकिन घर पहुंचा नहीं। इधर, सुबह पुलिस को गौहनिया रेलवे क्रासिंग के निकट अलीगंज मोड़ पर बने यात्री शेड में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर गोपीचंद्र यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा तो युवक का शव दीवार के सहारे बैठने की हालत में टिका था। उसकी शर्ट में ईयरफोन की लीड थी, जिसका हेडफोन कानों के पास थे। जबकि दूसरा छोर पैंट की जेब के निकट था। मगर उसका मोबाइल सहित सभी सामान और रुपये गायब थे। उसकी जेब में आधार कार्ड और हरियाणा स्थित फैक्ट्री का परिचय पत्र मिला। इसके आधार पर पुलिस ने युवक के घरवालों को सूचना दी। घरवालों के पहुंचने पर पुुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस के मुताबिक युवक जहरखुरान लुटेरों का अपना हुआ होगा। परिवारीजनों के मुताबिक शैलेंद्र विश्वास के पांच बच्चों में शंकर सबसे बड़ा था।