पीलीभीत। मजदूर रामकिशोर की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका सही साबित हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद इसकी पुष्टि हो गई है। उधर ग्रामीणों और परिवार वालों से पूछताछ के बाद भी पुलिस को ऐसा कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने में मदद मिल सके। तीन संदिग्ध हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बरखेड़ा के कटकवारा गांव निवासी रामकिशोर उर्फ शेरा पुत्र लालाराम का शव मकान से तीन सौ मीटर दूर एक यूकेलिप्टस के बाग में पड़ा मिला था। पिता की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हो गई है। जिसके बाद कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने गांव के तीन लोगों को संदिग्धता के आधार पर हिरासत में लिया है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। उनको किस आधार पर हिरासत में लिया गया? किस बिंदु पर पुलिस की जांच की जा रही है? इसको लेकर स्थिति अफसर स्पष्ट नहीं कर रहे हैं। एसएचओ बरखेड़ा राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि पुलिस हत्याकांड के खुलासे पर काम कर रही है। कुछ पहलू सामने आए हैं, उनके आधार पर तीन लोग हिरासत में लिए गए है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
------------