फाइनेंसर के बंद मकान से लाखों की चोरी
छत के रास्ते घुसे और समेट ले गए नकदी, जेवरात
सुनगढ़ी क्षेत्र के कृष्ण लोक कालोनी में हुई वारदात
31 पीबीटीपी 7,8
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। पुलिस अफसर सुरक्षा बंदोबस्त सख्त होने का हवाला देते रहे और चोरों ने एक बार फिर धरातल पर बरती जा रही लापरवाही का फायदा उठाकर शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे घटना को अंजाम दे डाला। टनकपुर हाईवे से सटी कृष्ण लोक कालोनी में दस्तक देकर फाइनेंसर के बंद मकान में छत के रास्ते घुसे चोर नकदी-जेवरात समेत लाखों का सामान समेट ले गए। इसकी सूचना मिलने पर सीओ सिटी फील्ड यूनिट टीम व थाना पुलिस संग मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। तहरीर के आधार पर अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। हालांकि क्लू के नाम पर कुछ हाथ नहीं लग सका है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के कृष्ण लोक कालोनी के निवासी फाइनेंसर रजनीश शर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह परिजनों संग मकान में ताला लगाकर मां यशवंतरी देवी मंदिर गए थे। इस बीच चोरों ने बंद मकान को निशाने पर ले लिया। छत के रास्ते घुसे चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर सामान खंगालना शुरू कर दिया। यहां से चोर 20 हजार रुपये, सोने की चार चेन, चार अंगूठी, मंगलसूत्र, सोने का सिक्का, टॉप्स, दो जोड़ी झुमकी समेत लाखों का सामान समेट ले गए। करीब एक घंटे बाद कालोनी के कुछ लोगों ने उनको फोन कर जानकारी दी कि दो युवक उनके मकान की दीवार कूदकर गए हैं। इस पर वह तत्काल मंदिर से वापस घर पहुंचे। मेनगेट पर लगा ताला खोलकर अंदर पहुंचे तो कमरे खुले व सामान बिखरा देख होश उड़ गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल, एसएचओ मुहम्मद कासिम, फील्ड यूनिट टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों से जानकारी कर मौका मुआयना किया गया।
000
दूसरे दिन मिले जूतों के निशान
घटना के दूसरे दिन शनिवार सुबह फाइनेंसर के परिजनों ने मकान के पीछे की तरफ जाकर देखा तो एक सब्बल पड़ा मिला। इसके अलावा दीवार पर जूतों के निशान बने हुए थे। जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि चोर इसी रास्ते मकान में घुसे होंगे। एसपी ने इसकी जानकारी मिलने पर फील्ड यूनिट टीम को दुबारा मौके पर छानबीन के लिए भेजा।
000
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सर्विलांस और स्वॉट टीम को भी सुरागरसी के लिए लगाया गया है। सीओ सिटी की निगरानी में टीम कार्रवाई कर रही है।
कलानिधि नैथानी, एसपी