सूचना पर पहुंची पुलिस ने जुटाई जानकारी, पांच हिरासत में
टनकपुर हाईवे पर मझोला कस्बे में हुई वारदात
मझोला/ पीलीभीत। टनकपुर हाईवे पर मझोला कस्बे में बुधवार देर रात चोरों ने दस्तक देकर पुलिस को चुनौती दे डाली। पुलिस पिकेट प्वाइंट पर दो दुकानों को निशाने पर लेकर सामान समेट ले गए। बृहस्पतिवार सुबह सूचना मिलने पर पहुंची न्यूरिया पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। इसके बाद पूर्व में चोरी की वारदातों में संलिप्त रहे पांच संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
न्यूरिया क्षेत्र के सूरजपुर गांव निवासी प्रधानपति जसविंदर सिंह काले की टनकपुर हाईवे पर मझोला कस्बे में बीसीसी ट्रांसपोर्ट के नाम से दुकान है। बुधवार शाम को वह दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात चोरों ने बंद दुकान को निशाने पर ले लिया। मेनगेट का ताला तोड़कर चोर दुकान में घुस गए और सामान लेकर निकल गए। इसके बाद ठीक बराबर में स्थित कस्बे के पिंटू अग्रवाल की मोबाइल की दुकान को निशाना बनाया। ट्रांसपोर्ट की दुकान की छत के रास्ते मोबाइल शॉप में नकब लगाकर चोर भीतर घुसे और काफी सामान ले उड़े। बृहस्पतिवार सुबह दुकान पहुंचने पर पीड़ित को घटना का पता लगा। सूचना पर एसएचओ जसपाल सिंह ग्वाल, चौकी प्रभारी मझोला नरेश चंद्र मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। इसमें मोबाइल शॉप मालिक पिंटू अग्रवाल ने चेक करने के बाद चोरी गए सामान की सूची देने की बात कही। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने को डॉग स्क्वाड टीम को मौके पर बुलाया। सर्च डॉग सौम्या घटनास्थल से चलती हुई गन्ना सोसायटी के पास जाकर रुक गई। इसके अलावा कस्बा मझोला के निवासी अमित सिंह की घर के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर म्यूजिक सिस्टम चोरी कर लिया गया। एसएचओ जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि घटना की कोई तहरीर अभी पुलिस को नहीं दी गई है। पूर्व में चोरी के आरोप में जेल गए कुछ युवक हिरासत में लिए गए हैं, जिनसे पूछताछ कराई जा रही है।