माधोटांडा/पीलीभीत। लापता किसान योगेंद्र सिंह का दूसरे दिन भी कोई सुराग न मिलने पर परिवारीजनों ने उनके खारजा नहर में डूबने की आशंका जताई। जिसके बाद गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश की जा रही है।
कस्बे के निवासी 55 वर्षीय किसान योगेंद्र सिंह उर्फ दारा सिंह शुक्रवार कस्बे के ही सियाराम के साथ काम के सिलसिले में कलीनगर गए थे। यहां से वापस आते वक्त वह अपने खेत पर जानवर बांधने के लिए रूक गए और सियाराम को घर भेज दिया। रात भर घर न पहुंचने पर परिवारीजनो ने शनिवार को उनकी तलाश शुरू कर दी। करीब डेढ़ किलोमीटर दूर लापता किसान की चप्पल, मोबाइल और बाइक पड़ी मिली। जिससे परिवार को किसान की चिंता बढ़ गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर सुरागरसी तेज कर दी। रविवार को किसान के खारजा नहर में डूबने की आशंका होने पर चार गोताखोर बुलाए गए। जिसके बाद खारजा नहर में किसान की तलाश की जा रही है। एसएचओ इंद्र सिंह ने बताया कि गोताखोर लगाए गए है। अभी कोई सुराग नहीं मिल सका है।