पीलीभीत। रिटायर्ड शिक्षक के बेटे ने फांसी लगाकर जान दे दी। दूसरे दिन कमरे में फंदे पर लटकता शव देख चीख पुकार मच गई है। शव को उतारकर परिवार वालों ने मायके गई पत्नी को सूचना भेज दी है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला पूरनमल जेलर वाली गली के रहने वाले देवेंद्र वर्मा रिटायर्ड शिक्षक हैं। उनका बेटा पुष्पेंद्र (35) काफी समय से डिप्रेशन में चल रहा था। रविवार रात वह खाना खाकर कमरे में सोने चला गया। परिवार के अन्य लोग दूसरे कमरों में सो रहे थे। देर रात पुष्पेंद्र ने दुपट्टे से फंदा बनाकर फांसी लगा जान दे दी। सोमवार सुबह पिता देवेंद्र वर्मा टहलने चले गए। बड़े भाई शैलेंद्र फ्रिज से पानी निकालने के लिए कमरे में पहुंचे। यहां फंदे पर लटकता पुष्पेंद्र का शव देख होश उड़ गए। परिवार में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर आास पास के लोग भी जमा हो गए। इसकी सूचना मायके लखनऊ गई मृतक की पत्नी को दी गई। परिवारीजनों का बेटे की मौत पर रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की शादी छह साल पहले हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। गर्मी की छुट्टी पड़ने पर वह हाल ही में पत्नी को बच्चों सहित उसके मायके छोड़कर आया था। मौके पर मौजूद रिश्तेदारों ने बताया कि वह काफी समय से नौकरी न मिलने को लेकर परेशान चल रहा था। कयास लगाए जा रहे है कि इसी को लेकर उसने आत्महत्या की है। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी गोपीचंद यादव ने बताया कि युवक के फांसी लगाने की जानकारी मीडियाकर्मियों से मिली है। अभी परिवार के लोगों ने कोई सूचना पुलिस को नहीं दी है।