घर में चलता मिला स्लाटर हाउस, दो गिरफ्तार
पूरनपुर। शासन-प्रशासन की सख्ती के बीच गोकशी का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर शेरपुरकलां कस्बे में पुलिस की छापामारी के बाद घर में स्लाटर हाउस चलता पकड़ा गया। गोवंशीय की हत्या कर रहे दो आरोपी पुलिस ने धर दबोचे। जबकि तीसरा भागने में कामयाब रहा। मौके से गोमांस और औजार की बरामदगी कर पुलिस ने कानूूनी कार्रवाई की है।
कोतवाली क्षेत्र का शेरपुरकलां इलाका लंबे समय से गोकशी के कारोबार के लिए बदनाम है। लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद शनिवार को कोतवाली के एसआई विजय प्रकाश द्विवेदी की अगुवाई में टीम ने कलुआ उर्फ कल्लू के मकान में छापामारी की। वहां से पुलिस ने घर में स्लाटर हाउस चलता पकड़ा। मकान के भीतर आरोपी गोवंशीय पशुओं की हत्या करते मिले। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मकान स्वामी कलुआ और अकील अहमद को धर दबोचा। जबकि उनका एक साथी मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी राशिद चकमा देकर भाग निकला। आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस कोतवाली ले आई। जिसके बाद तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है। एसआई विजय प्रकाश द्विवेदी ने बताया कि बरामद मांस गोमांस था। कोतवाल केके तिवारी ने बताया कि गोकशी की सूचना पर दबिश देकर दो आरोपियों को रंगेहाथ पकड़कर जेल भेज दिया गया है। तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश जारी है, जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इसके अलावा गोकशी के कई मामलों में आरोपी गांव जादौपुर गहलुइया निवासी सामुद्दीन उर्फ छोटे, बुंदन खां, अहमदनूर खां, शाकिर और आरिफ के खिलाफ भी कानूनी शिकंजा कसा गया है। पांचों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।