20 पीबीटीपी 2,5,6
34 नामजद, 150 अज्ञात पर संगीन धाराओं में हुईं दो रिपोर्ट
14 उपद्रवी गिरफ्तार, अन्य की धरपकड़ को दबिशें जारी, छावनी बना देशनगर
देशनगर में हुए बवाल, पथराव और फायरिंग का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। देशनगर मोहल्ले में हुए पथराव और फायरिंग की घटना में कोतवाली पुलिस ने उपद्रव करने वालों के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला, पथराव समेत कई संगीन धाराओं में दो रिपोर्ट दर्ज की गईं हैं। इसमें 34 आरोपियों को नामजद और 150 को अज्ञात बताया है। ताबड़तोड़ दबिशों के बाद पुलिस ने 14 आरोपियों की गिरफ्तारी की है। क्षेत्र में दूसरे दिन तनावपूर्ण शांति बनी रही। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के लिए भारी संख्या पुलिस-पीएसी के साथ अफसर खुद मोर्चा संभालते दिखाई दिए।
दशहरा पर्व के मौके पर शुक्रवार रात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देशनगर में मामूली विवाद के बाद दो समुदायों के बीच जमकर बवाल हुआ था। पहले साइकिल सवार और बाद में शिकायत करने पहुंचे उसके रिश्तेदारों से मारपीट के बाद मामले ने सांप्रदायिक रूप ले लिया और पथराव के बाद फायरिंग होने लगी। घटना में एक ही पक्ष के चार लोग शिवम, बंटी, राजकुमार और जोगेंद्र घायल हो गए थे। इसके बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। रात भर एसपी बालेंदु भूषण सिंह, एडीएम बृजकिशोर, एएसपी रोहित मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट अर्चना द्विवेदी, सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को जुटे रहे। दूसरे दिन भी सुबह से अधिकारी माहौल भांपने में जुटे रहे। विवाद की वजह तलाशने का हरसंभव प्रयास जारी है। आसपास के थानों की पुलिस को भी शहर में ड्यूटी पर लगाया गया, जोकि दूसरे दिन भी कई प्वाइंटों पर विवादित इलाके में तैनात किए गए। कोतवाल केपी सिंह की अगुवाई में टीम ने दबिशें देकर 14 उपद्रवियों को धर दबोचा। मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो मुकदमे दर्ज किए हैं। एक मुकदमा घायल शिवम की तरफ से तो दूसरा ठेका चौकी प्रभारी सिद्धार्थ गोस्वामी की तरफ से दर्ज किया गया है। इसमें 34 लोगों को नामजद व 150 को अज्ञात में शामिल किया गया है।
000
ये किए गए नामजद
दर्ज किए गए मुकदमे में मोहल्ला देशनगर निवासी बट्टू, इकरार, लाली, लाली का भाई, मोहम्मद मियां, फुरकान, जावेद खां, रौनक अली, शाहिद, तस्लीम, अनीस खां, अरशद, अब्दुल, उवैश, चांद खां, हसीन अहमद, शारिक, नसीम अहमद, शारिव, नाजिम, अलीम नन्हा, पेंटर रहीस खां, रियाज ताहिर, जावेद, नन्नू, जैकी, विक्की, वाहिद, नन्हे, सलीम हैदर, हसीन अहमद, अब्दुल मियां, मोईन, हनी को नामजद किया गया है।
00
घायल राजकुमार लखनऊ रेफर
विवाद के दौरान घायल राजकुमार को हालत गंभीर होने पर रात में ही बरेली रेफर कर दिया गया था। बरेली के एक अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उसको लखनऊ ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डीएम डॉ.अवधेश कुमार मिश्र ने घायल को बेहतर इलाज दिलाने के लिए लखनऊ के अधिकारियों से भी वार्ता की है। वहीं, दो घायल बंटी और शिव इलाज के बाद घर आ गए हैं। जबकि जोगेंद्र का जिला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
000
राजकुमार नहीं, शिवम से हुई थी झगड़े की शुरूआत
मामूली कहासुनी के बाद मामला किस तरह से इतना तूल पकड़ गया, ये भले अभी नहीं खुल सका हो, लेकिन यह बात स्पष्ट हो गई है कि झगड़े की शुरूआत राजकुमार से नहीं हुई थी। झगड़ा शिवम के साइकिल से घर आते वक्त साइकिल टकराने के बाद कहासुनी से हुआ था। इसी में राजकुमार और अन्य लोग मौके पर गए थे, जिनपर पथराव और फायरिंग कर दी गई।
000
...जब जिला अस्पताल में भिड़ गए परिवार वाले
जिला अस्पताल में शुक्रवार रात घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद सीएमएस डॉ.रतनपाल सिंह सुमन ने घायल बंटी को घर ले जाने के लिए कह दिया। इस पर परिवारीजन व अन्य लोग जिला अस्पताल के स्टाफ से भिड़ गए। उनका कहना था कि चिकित्सक घायल को जबरन डिसचार्ज कर रहे हैं। बाद में सीएमएस के समझाने पर मामला शांत हो सका था।
000
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मोहम्मद मियां, फुरकान, जाविद खां, रौनक अली, शाहिद, तस्लीम, अनीस खां, हसीन अहमद, शारिक, नसीम अहमद, शकील, शारिव, नाजिम, मुनत्याज हैं।
000
20 पीबीटीपी 1
उठवा दिए गए बिखरे पड़े पत्थर
शुक्रवार की रात अफसरों ने सड़कों पर बिखरे पड़े पत्थरों को हटवाने में देर नहीं लगाई। नगर पालिका के कर्मचारियों ने ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर बुला लिया गया। जिसके बाद सारे पत्थरों को साफ-सफाई कराकर मौके से हटवा दिया।
000
34 नामजद और 150 अज्ञात के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। धरपकड़ को दबिशें जारी है, अब तक 14 की गिरफ्तारी की जा चुकी है। मौके पर पुलिस बल की तैनाती है। किसी तरह के विवाद की स्थिति अब नहीं है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होगी, बेगुनाह को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा।
- रोहित मिश्र, एएसपी