पीलीभीत। पूरनपुर रोड पर सैनी मोबाइल शॉप में हुई चोरी की वारदात का चार महीने बाद खुलासा करने में आसाम चौकी पुलिस को सफलता मिली। स्वाट टीम की मदद से पुलिस ने एक आरोपी को धर दबोचा। जिसके पास से चोरी गए चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी ने अपने तीन फरार साथियों के नाम बताए हैं। जिनके बारे में जानकारी पुलिस जुटा रही है।
17 मई को पूरनपुर रोड स्थित सैनी मोबाइल शॉप को निशाने पर लेकर चोर पांच लाख का सामान उठा ले गए थे। घटना की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया गया। जिसके बाद से पुलिस मामले की सुरागकशी करने में जुट गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। पिछले दिनों एसपी कलानिधि नैथानी की सख्ती के बाद आसाम चौकी प्रभारी एके सिंह और स्वाट टीम प्रभारी इंद्रजीत सिंह भदौरिया ने नए सिरे से मामले की जांच की। जिसमें रुपपुर निवासी राजीव का नाम प्रकाश में आया। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर आसाम चौकी व स्वाट टीम ने संयुक्त रुप से आरोपी राजीव को धर दबोचा। पूछताछ के बाद आरोपी से चोरी गए चार मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा उसने अपने तीन फरार साथी बरेली निवासी आरिफ, पूरनपुर के देवरा और शाहजहांपुर के नन्हे सक्सेना का नाम बताया। जोकि पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके है।
000
एफआर की तैयारी में थी पुलिस
मोबाइल शॉप की चोरी की वारदात को पूर्व चौकी प्रभारी पूरी तरह से झुठला चुके थे। एसएचओ व अन्य अफसरों को अपनी बताई कहानी सुनाकर भरोसे में लेने के बाद संदिग्ध करार देकर ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था, हालांकि फाइनल रिपोर्ट नहीं लगी थी।
000
दातागंज पुलिस भी आई पूछताछ को
पुलिस के अनुसार आरोपी गिरोह बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। सभी अपने-अपने क्षेत्र में रेकी करते थे। इसके बाद फरार आरोपी आरिफ की पिकअप से आकर चोरी कर लौट जाते थे। बदायूं के दातागंज में भी एक वारदात किए जाने की बात सामने आई है। जिसको लेकर सोमवार को दातागंज (बदायूं) की पुलिस पीलीभीत पहुंची और आरोपी से पूछताछ कर रही है।
000
आरोपियों की क्रिमिनल हिस्ट्री का भी पता किया जा रहा है। फरार साथियों की धरपकड़ को भी पुलिस लगी हुई है। पकड़े गए आरोपी से चार मोबाइल बरामद हो चुके है। शहर की अन्य घटनाओं की संलिप्तता को लेकर भी पूछताछ हो रही है।
एके सिंह, आसाम चौकी प्रभारी
-------