जमुनिया (पीलीभीत)। आसपुर गांव में अवैध खनन में पकड़ी गई ट्रैक्टर ट्राली थाने ले जाते वक्त चालक ट्रैक्टर से कूदकर भाग निकला। इसके बाद ट्रैक्टर कुछ दूर जाकर पलट गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस की पिटाई से ट्रैक्टर पलटने का कारण बताते हुए ट्रैक्टर की मरम्मत की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। इसकी सूचना मिलने पर माधोटांडा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। इस दौरान पौन घंटे तक माधोटांडा रोड पर यातायात बाधित रहा।
शुक्रवार दोपहर को माधोटांडा पुलिस को सूचना मिली कि आसपुर गांव में मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। इस पर जमुनिया चौकी प्रभारी पान सिंह, कांस्टेबल शिवकुमार और रीतेश ने गांव में दबिश देकर मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ लिया। गांव के निवासी ट्रैक्टर चालक जोगेंद्र सिंह को ट्रैक्टर ट्राली थाने ले जाने को कहा। कुछ दूर पहुंचते ही चालक चलती ट्रैक्टर ट्राली से कूदकर भाग गया। इसके बाद ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। इसमें ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ ही देर में चालक के परिवारीजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर की मरम्मत को मुआवजा दिए जाने की मांग शुरू कर दी। आरोप लगाया कि पुलिस के मारपीट के कारण ट्रैक्टर ट्राली पलटी है। इसके बाद सड़क पर आकर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी गई। हंगामे की सूचना मिलने पर एसएचओ मनोज कुमार त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की और उनको एसडीएम के आदेश पर ट्रैक्टर ट्राली पकड़ने की बात बताई। इसके बाद किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराया जा सका। भीड़ के हंगामा करने के बाद पुलिस बैकफुट पर रही। अवैध खनन को लेकर कार्रवाई किए बिना ही ट्रैक्टर ट्राली को छोड़ दिया गया है।
000
एसडीएम से अवैध खनन की शिकायत की गई थी। एसडीएम के आदेश पर पुलिस को भेजकर कार्रवाई कराई गई। चालक के अचानक कूदकर भागने से ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। भीड़ को शांत करा दिया गया है। पूरे मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई है।
- मनोज कुमार त्यागी, एसएचओ माधोटांडा