पति समेत चार पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
क्रासर...
विवाहिता के भाई से मिली तहरीर पर पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
हजारा (पीलीभीत)। संदिग्ध परिस्थितियों में कंबोजनगर निवासी विवाहिता चरनजीत उर्फ परमजीत कौर की मौत के मामले में घटना के छह दिन बाद कानूनी कार्रवाई की गई है। हजारा पुलिस ने मृतका के भाई से मिली तहरीर पर बृहस्पतिवार रात पति समेत चार पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की जहर देकर हत्या का आरोप लगाया गया है।
नानकमत्ता (उधम सिंह नगर, उत्तराखंड) थाना क्षेत्र के बिठौरा गांव निवासी सतनाम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन चरनजीत कौर उर्फ परमजीत की शादी डेढ़ साल पहले हजारा थाना क्षेत्र के कंबोजनगर गांव निवासी लखविंदर सिंह से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले उसको कम दहेज लाने की बात कहकर प्रताड़ित करने लगे। दहेज में कार की मांग शुरू कर दी गई। जिसको पूरा न करने पर 13 सितंबर 2018 को ससुराल वालों ने विवाहिता की जहर देकर हत्या कर दी। थानाध्यक्ष हजारा खीम सिंह जलाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम पुलिस पहले ही करा चुकी है। अब तहरीर मिलने पर पति लखविंदर सिंह, जेठ गुरदेव सिंह, जेठानी सुखविंदर सिंह और सास बंतो सिंह के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसकी विवेचना सीओ पूरनपुर करेंगे।