सराफा दुकान से दो लाख के जेवरात चोरी
गांव इमलिया में गन्ने के खेत में पड़ी मिली टूटी अलमारी
चोरों के आगे बेवस और पस्त हुई पुलिस, लोगों में रोष
फोटो-24,25,26
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां। कोतवाली क्षेत्र के मुख्यमार्ग पर बृहस्पतिवार रात चोरों ने सराफा दुकान के ताले तोड़कर अलमारी निकाल ली और चार किमी दूर खेत में अलमारी तोड़कर दो लाख रुपये के गहने चोरी कर लिए। शुक्रवार को जानकारी मिलते ही व्यापारियों में रोष फैल गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष केके लील ने पुवायां पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रोष जताया है।
नगर के मोहल्ला कसभरा आढ़त निवासी भरत बाथम की मोहल्ले में ही मेन रोड पर सराफा की दुकान है। बृहस्पतिवार शाम वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में चोरों ने दुकान के ताले तोड़ दिए और अलमारी को किसी वाहन में लादकर चार किमी दूर पुवायां मोहम्मदी मार्ग पर गांव इमलिया के आगे ले गए। चोरों ने खेत में अलमारी तोड़कर पांच किलो चांदी सहित दो लाख रुपये कीमत के गहने निकाल लिएकर फरार हो गए। भरत बाथम को शुक्रवार सुबह लोगों ने दुकान के ताले टूटे होने की जानकारी दी तो वह मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस और व्यापार मंडल अध्यक्ष केके लील सहित कई व्यापारी मौके पर आ पहुंचे। इस बीच गांव इमलिया के लोगों ने खेत में अलमारी पड़ी देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस भरत बाथम को लेकर मौके पर पहुंची तो उन्होंने अलमारी पहचान कर चोरी गए सामान के बारे में जानकारी दी।
सूचना पर एएसपी सुभाषचंद्र शाक्य, सीओ जितेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। इस बीच फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वांड टीम भी मौके पर पहुंची। खोजी कुत्ता रामलीला मैदान तक पहुंचकर रुक गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने अधिकारियों के सामने ही पुलिस को खूब खरी खोटी सुनाई और कहा कि पुलिस के नकारापन के चलते ही चोरियों की घटनाओं की बाढ़ आ गई है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक टीम और खोजी कुत्ता कई मामलों में आ चुका है, लेकिन कोई समस्या हल नहीं हुई। ये लोग सरकार का रुपया बर्बाद कर रहे हैं। पुलिस ने भरत बाथम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
---------------
एएसपी के सवालों का जवाब नहीं दे सके पुलिसकर्मी
एएसपी ने पुवायां इंस्पेक्टर से पूछा कि वह चोरी हुई दुकान के सामने से रात में किस समय निकले थे तो वह चुप्पी साध गए। एसएसआई विनोद यादव ने निगोही रोड पर गश्त करने की बात कहकर अपना पिंड छुड़ा लिया। एसआई जगदीश भाटी की गश्त चोरी गई दुकान वाली रोड पर थी, लेकिन वह भी एएसपी के सवाल का जवाब नहीं दे सके। इससे साफ हो गया कि रात में गश्त के नाम पर पुलिस कोतवाली से निकलती ही नहीं है।
00
फोटो-27,पुवायां कोतवाली के सामने घेराव करते व्यापारी को समझाते सीओ
000000000
आक्रोशित व्यापारियों ने घेरी पुवायां कोतवाली, की नारेबाजी
0 सीओ ने दिया पांच दिन में चोरियों के खुलासे का आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां। नगर में लगातार हो रही चोरियों के चलते अब व्यापारियों का सब्र जवाब दे गया है। शुक्रवार को भरत बाथम की सराफा दुकान में चोरी की जानकारी के बाद व्यापार मंडल की ओर से नगर में लाउडस्पीकर से प्रचार कराया गया और दिन में दो बजे व्यापारियों से कोतवाली पहुंचकर घेराव में शामिल होने की अपील की गई। इसके बाद दो बजे तमाम व्यापारी कोतवाली पहुंचे और व्यापार मंडल अध्यक्ष केके लील के नेतृत्व में धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। व्यापारी मौके पर एसपी को बुलाए जाने की मांग कर रहे थे।
केके लील ने कहा कि चोर लोगों की जीवन भर की खून पसीने की कमाई रात में उड़ा ले जा रहे हैं और तमाम बार शिकायत किए जाने के बाद भी पुलिस गश्त के नाम पर थाने में सोती रहती है। इसे और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंगल मिश्रा, कपिल गुप्ता, प्रभात मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष संजय गुप्ता ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में ही चोरों पर काबू नहीं पाया जा रहा है तो देहात क्षेत्र का भगवान ही मालिक है।
सूचना पर सीओ जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से वार्ता की। आक्रोशित व्यापारियों ने सीओ के सामने भी पुलिस पर जमकर भड़ास निकाली। सीओ ने कहा कि उन्हें पांच दिन का समय दिया जाए। चोर पकड़ कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा, नहीं तो कोतवाली प्रभारी और कसबा इंचार्ज पर कार्रवाई की जाएगी। सीओ के आश्वासन पर व्यापारियों ने घेराव समाप्त कर दिया और वापस चले गए। इस दौरान नगर के तमाम व्यापारी मौजूद रहे।
00
सीसीटीवी फुटेज से भी मिली निराशा
पुवायां। बृहस्पतिवार रात चोर दुकान में चोरी करके जिस रास्ते से जाने का अंदेशा था उस रास्ते पर ट्यूूलिप चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल पड़ता है। इस स्कूल के गेट पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। पुलिस को लगा कि इस कैमरे में चोरों को तस्वीर कैद हो गई होगी। जिस पर स्कूल खुलवाकर कैमरों की जांच कराई गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद पता लग सका कि कैमरे तो रात में बंद थे। इससे पुलिस को कोई क्लू मिलने की आशा में निराशा हाथ लगी।
00
अमर उजाला की सूची पुलिस को सौंपकर मांगा जवाब
पुवायां। पिछले दो माह से पुवायां कसबे में चोरियों की बाढ़ आने के बाद अमर उजाला ने एक सप्ताह पूर्व नगर में हुई चोरियों की सूची सहित 60 दिन में बीस लाख का माल पार करने की खबर प्रकाशित की थी। शुक्रवार को व्यापारियों की ओर से कोतवाली गेट पर धरना प्रदर्शन करने के दौरान व्यापारियों ने उसी सूची को पुलिस को सौंपकर चोरियों के संबंध में जवाब मांगा। जिस पर पुलिस चुप्पी साधे रही। व्यापारियों ने इस सूची का एक पत्र भी पुलिस को सौंप सभी का खुलासा करने की मांग की।