एंबुलेंस में संदिग्ध होने की सूचना पर मचा हड़कंप
क्रासर...
सीओ सिटी से शिकायत के बाद कराई गई चेकिंग
बरेली हाईवे पर ललौरीखेड़ा चौकी पर पकड़ा, पूछताछ कर छोड़ा
अमर उजाला ब्यूूरो
पीलीभीत। गैर जनपद का नंबर लिखी एक एंबुलेंस में संदिग्ध युवकों के घूमने की सूचना पर बृहस्पतिवार रात खलबली मच गई। एंबुलेंस के कई स्थानों पर बेवजह खड़ा होने पर शिकायत सीओ सिटी से की गई। जिसके बाद पुलिस ने चेकिंग कर एंबुलेंस को बरेली हाईवे पर धर दबोचा। बाद में औपचारिक जांच कर सभी को छोड़ दिया गया।
बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे कोतवाली क्षेत्र के मोतीराम चौराहे पर एक एंबुलेंस खड़ी हुई थी। इसमें सात-आठ युवक संदिग्ध हालात में बैठे हुए थे। दस मिनट बाद एंबुलेंस चौक बाजार में जाकर रुक गई। इसके बाद आसपास ही चक्कर लगाकर निकल गई। संदिग्धत प्रतीत होने पर क्षेत्रीय लोग जमा हो गए। इसकी सूचना सीओ सिटी को दी गई। जिसके बाद सीओ ने वायरलैस कर एंबुलेंस का नंबर बताते हुए चेकिंग के निर्देश दिए। करीब आधा घंटे बाद बरेली हाईवे पर ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी पर एंबुलेंस को पकड़ लिया गया। जांच की औपचारिकता निभाने बाद छोड़ दिया गया। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि दिल्ली से एंबुलेंस से कोई मरीज पीलीभीत लाया गया था। उसे छोड़कर एंबुलेंस वापस जा रही थी। इसीलिए पूछताछ कर छोड़ दिया गया है।