पीलीभीत। पूरनपुर की एक महिला ने हजारा थानाध्यक्ष पर फोन कर अश्लील बातें करने का आरोप लगाया है। इसका विरोध करने पर महिला को झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित महिला ने एसपी से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने एसपी को दिए शिकायत पत्र में बताया कि उसकी शादी हजारा क्षेत्र के कुठिया गुंदिया गांव में हुई थी। ससुरालियों से उसका एक घरेलू हिंसा व मारपीट का मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि हजारा थानाध्यक्ष से पीड़िता के ससुरालियों की साठगांठ हो चुकी है। इसी को लेकर हजारा थानाध्यक्ष आए दिन पीड़िता के मोबाइल पर कॉल कर धमकी दे रहे है। इस दौरान एसएचओ पर महिला से अश्लील बातें करने का भी आरोप है। महिला ने बताया कि 13 जून को उसके पास एक नये नंबर से कॉल आई। फोन पर बात करने वाले युवक ने खुद को हजारा थानाध्यक्ष बताया और अश्लील बातें की। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से कॉल कर कही गई बात न मानने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी गई। इस बार भी बोलने वाले युवक से खुद को हजारा थानाध्यक्ष बताया। पीड़िता ने हजारा पुलिस और ससुरालियों से जान का खतरा जताते हुए मामले की जांच कराकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसपी देवरंजन वर्मा ने सीओ पूरनपुर से मामले की जांच कर रिपोर्ट तलब की है।