पूरनपुर। गोवंशीय पशु की हत्या कर घर में मांस के टुकड़े करने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर शेरपुरकलां निवासी इवरान उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया। मौके से 30.5 किलोग्राम मांस, मांस काटने के उपकरण बरामद हुए। तीन आरोपी पुलिस को देखकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी का चालान कर दिया।
शेरपुरकलां के उस्मान उर्फ लाला के घर गोवंशीय पशु की हत्या की सूचना पुलिस को मिली। इस पर दरोगा अजीत सिसौदिया ने पुलिस टीम के साथ छापा मारा। पुलिस ने घर में मांस के टुकड़े कर रहे चार लोगों को घेर लिया, लेकिन तीन आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गए।
कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि पुलिस टीम ने इवरान उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। पशु चिकित्साधिकारी ने मांस का परीक्षण कर मांस गोवंशीय पशु का होना बताया। शेरपुरकलां निवासी इवरान उर्फ सोनू, जाबिर, गांव कान्हा टांडा निवासी जयमाल, नसरत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गिरफ्तार इवरान का चालान कर दिया गया। उसने बताया कि गोवंशीय पशु की हत्या कर मांस को बेचने के लिए उस्मान उर्फ लाला के घर टुकड़े करने को लाए गए थे।