बीसलपुर में छापामारी के दौरान जमा हुई भीड़। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
बीसलपुर। मिलावटी मावे को लेकर छापा मारने पहुंची टीम को दुुकानदार के समर्थकों ने घेर लिया। लोगों नेे टीम पर वसूली का आरोप लगाते हुए नमूनों को छीनने का प्रयास किया। किसी तरह से टीम जान बचाकर सहायक आयुक्त के पास तहसील पहुंची तो वहां पर भी छीना छपटी होने लगी। इसपर तहसील में मौजूद पुलिस सक्रिय हुई। तब मामला शांत हो सका।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम रविवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे मावा मंडी में महेंद्रपाल वर्मा की दुकान पर पहुंची। टीम ने मावा के नमूने चार डिब्बों में लिए। छापा मार कार्रवाई शुरू होते ही मंडी की सभी आढ़तें बंद हो गईं। मावा व्यापारी दूर से खड़े होकर महेंद्रपाल की दुकान पर हो रही कार्रवाई देखने लगे। इसी बीच दुकानदार के कुछ समर्थक मौके पर आ गए।
समर्थकों ने यह कहकर हंगामा करना शुरू कर दिया कि जो दुकानदार टीम के पास रुपये पहुंचा देते हैं, उनकी दुकानों पर टीम नहीं जाती, जो दुकानदार रुपये नहीं पहुंचाते हैं केवल उन्हीं दुकान पर कार्रवाई की जाती है। इस मुद्दे को लेकर दुकानदार के समर्थकों और टीम के लोगों में काफी नोंकझोंक हुई। समर्थक टीम के लेागों से नमूने लेने की कार्रवाई रद्द करने को कहने लगे। न मानने पर दुकानदार के समर्थकों ने टीम के लेागों से नमूने भरे डिब्बे छीनने का प्रयास किया। इस बीच मौके पर भीड़ जमा हो गई। टीम के लोग वहां से तहसील परिसर पहुंचे और यहां मौजूद मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशांक त्रिपाठी को पूरे मामले की जानकारी दी।
दुकानदार के समर्थकों ने शशांक त्रिपाठी से टीम की शिकायत की। समर्थकों ने तहसील परिसर में भी टीम के लोगों से नमूने वाले डिब्बे एक बार फिर छीनने का प्रयास किया। काफी देर तक यहां हंगामा चलता रहा। इसी बीच एक समर्थक ने मुख्य खाद्य सुरक्षा की एक नेता से फोन पर बात कराई। इसके बाद टीम बिलसंडा चली गई। मामला पूरे दिन चर्चा में रहा। संवाद