बीसलपुर। नगर पालिका की ईओ वंदना शर्मा ने शुक्रवार सुबह बाजार का निरीक्षण किया। एक दुकान पर ढाई किलो पॉलीथिन मिलने पर दस हजार रुपये जुर्माना व दूसरी जगह गंदगी मिलने पर एक हजार रुपये जुर्माना लगाया।
ईओ ने अस्पताल रेाड, ईदगाह चौराहा, तहसील रोड, कोतवाली रोड, मुख्य रोड, मठिया चौराहा, कटरा बाजार, सराफा मार्केट, छोटा चौराहा आदि इलाकों में सफाई, पथ प्रकाश और पेयजल व्यवस्था देखी। कुछ स्थानों पर सफाई व्यवस्था सही नहीं मिली। ईओ ने उसी समय सफाई कर्मचारियों को बुलवाकर व्यवस्था सही कराई।
बारह पत्थर रोड पर नई सब्जी मंडी के पास किराना व्यापारी रामप्रकाश की दुकान पर ढाई किलो पॉलीथिन बरामद हुई। उन पर 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया। इसी क्रम में ईओ ने बारह पत्थर रोड पर राजीव कुमार के दरवाजे पर गंदगी पड़ी देखी तो उनपर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया। ईओ ने लोगों से कहा कि वे लोग कूड़ा सड़क पर न डालें। नगर पालिका के वाहनों में ही डालें। इस मौके पर नगरपालिका के राजस्व निरीक्षक अंकित वर्मा और सफाई निरीक्षक वीरेंद्र विक्रम साथ रहे।