पूरनपुर। साइकिल सवार युवक की पिटाई कर बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। गांव पहुंचने पर युवक ने घटना की जानकारी अपने परिचितों को दी। एकत्र होकर मौके पर कई गांव के लोग पहुंचे। मगर आरोपी इससे पहले निकल चुके थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
घटना मंगलवार शाम पौने आठ बजे पूरनपुर-कलीनगर रोड पर एक धार्मिक स्थल के समीप हुई। गांव सुखदासपुर निवासी मोनू कुशवाहा ने बताया कि नगर के स्टेशन चौराहे के समीप एक व्यापारी के यहां नौकरी करता है। काम निपटाकर शाम को साइकिल से घर जा रहा था। धार्मिक स्थल के समीप मिले बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। एक बदमाश ने उसकी पिटाई कर मोबाइल लूट लिया और शोर-शराबा न करने की धमकी देकर बाइक सवार भाग गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी मंगलवार शाम को ही गांव के कुछ लोगों के साथ नगर में पहुंचकर व्यापारी को दी। व्यापारी ने घटना की जानकारी प्रांतीय व्यापारी नेता हंसराज गुलाटी को दी। व्यापारी नेता गुलाटी ने घटना से पुलिस को अवगत कराया। कोतवाल हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि लूट की घटना की कोई सूचना नहीं दी गई है।