पूरनपुर। विदेश भेजने का झांसा देकर तीन लोगों से 13.50 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोप है कि फर्जी कागजात लगाने से दो लोगों का वीजा नहीं बन सका। जबकि एक युवक को इंग्लैंड पहुंचने के बाद वापस कर दिया गया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव रंपुराकोन निवासी परमजीत सिंह ने बताया कि नगर के बाजार स्थित एक ऑफिस के लोगों ने उनके बेटे को इंग्लैंड भेजने का झांसा दिया। उससे 9.50 लाख रुपये की मांग की गई। जिस पर जमीन बिक्री कर आठ लाख और रिश्तेदारों से डेढ़ लाख रुपये उधार लेकर दिए। जिसके बाद उनका बेटा इंग्लैंड भी पहुंच गया। आरोप है कि वीजा में फर्जी अभिलेख लगे होने से उनके बेटे को वहां से वापस कर दिया गया। रुपये वापस मांगने पर नहीं दिए गए।
गांव मुझा निवासी रनवीर सिंह ने पत्नी को विदेश भेजने के नाम पर 25 फरवरी 2020 को 1.27 लाख रुपये और 29 अक्तूबर को 50 हजार रुपये खाते में जमा कराने का आरोप लगाया। आरोप है कि वीजा में फर्जी अभिलेख लगाने पर उसकी पत्नी का वीजा नहीं मिल सका। आरोपियों ने कुछ रुपये वापस कर दिए। मगर 81924 रुपये वापस नहीं कर रहे हैं।
इधर, उधमसिंहनगर के सितारगंज के गांव तुर्रा निवासी गुरमीत ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसके पुत्र को आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 28 मार्च 2019 को 1.50 लाख रुपये, 29 जनवरी 2021 को 1.70 लाख रुपये खाते में जमा कराए गए। मगर फर्जी अभिलेख लगाने पर उसके पुत्र के तीन साल तक विदेश जाने पर रोक लग गई। तीनों पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि ठगी की कोई तहरीर अभी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई होगी।