बरखेड़ा। शार्ट सर्किट से दुकानों में लगी आग से लाखों का सामान जल गया। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बीसलपुर कस्बे के वार्ड नंबर आठ निवासी संजीव सरन ने बताया कि उनका बरखेड़ा-बीसलपुर मार्ग पर मार्केट है। जहां उन्होंने धर्मकांटा लगा रखा है। इसके अलावा रेता, बजरी, सरिया, सीमेंट आदि का काम करते हैं। संजीव के मुताबिक उन्होंने तीन दिन पहले ही मार्केट में बिजली का कनेक्शन कराया था। बुधवार शाम उनके किसी परिचित ड्राइवर ने मार्केट की गैलरी में अपना डीजल का खाली टैंकर खड़ा कर दिया। शाम करीब सात बजे संजीव दुकानें बंद करके घर चले गए। उनके भाई भगवत दुकानों के बाहर सो रहे थे।
रात में करीब 12 बजे बिजली के तारों में हुए शार्ट सर्किट से मार्केट में आग लग गई। धीरे - धीरे आग टैंकर तक पहुंच गई। आग की लपटें देखकर पड़ोसी ने आग की सूचना दी। इसके बाद संजीव परिवार वालों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सूचना के आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची दमकल की टीम करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सकी। संजीव के मुताबिक आग में ट्रक के नए व पुराने टायर, सीमेंट के कट्टे समेत लाखों का सामान जल गया।