पीलीभीत। पाइप के जरिये ड्रम से निकालते समय पेट में डीजल चले जाने से एक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने युवक के पिता की तहरीर पर फैक्टरी मालिक के भतीजे और इंजीनियर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गजरौला थाना क्षेत्र के गांव जैतपुर बांसबोझ निवासी नोखेलाल का बेटा प्रदीप कुमार (23) पिछले तीन माह से असम हाईवे स्थित गांव मुड़ैला के पास एक निर्माणाधीन फैक्ट्री में मजदूरी करता था। परिजन के मुताबिक चार जून की सुबह नौ बजे प्रदीप काम पर गया था। आरोप है कि डीजल मशीन खराब हो जाने पर फैक्टरी के इंजीनियर वीरपाल और मलिक के भतीजे मोंटी ने जबरन पाइप के जरिये ड्रम से डीजल खिंचवाया था। इससे डीजल प्रदीप के पेट में चला गया, जिससे वह मौके पर बेहोश हो गया था। बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रदीप के पिता ने फैक्टरी के इंजीनियर वेदपाल और मलिक के भतीजे मोंटी के खिलाफ तहरीर दी थी। इंस्पेक्टर गजरौला मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है, जो परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। पिता की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।